सूरजपुर

वोट रक्षक और चारपाई चौपाल से गांव-गांव पहुंचेगी कांग्रेस
28-Oct-2026 9:05 PM
वोट रक्षक और चारपाई चौपाल से गांव-गांव पहुंचेगी कांग्रेस

दिल्ली महारैली में 300 से अधिक कार्यकर्ता होंगे शामिल

सूरजपुर, 28 अक्टूबर। कांग्रेस ने वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के तहत वोट रक्षक और चारपाई चौपाल के माध्यम से गांव-गांव तक पहुंचने की घोषणा की है। बुधवार को सूरजपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में एआईसीसी पर्यवेक्षक डॉ. देवाशीष पटनायक एवं छत्तीसगढ़ सहप्रभारी जरिता लैतफलांग ने मतदाता सूची की पारदर्शिता और निर्वाचन आयोग की जवाबदेही पर सवाल उठाए। उन्होंने एसआईआर के तहत हटाए गए मतदाताओं की जानकारी सार्वजनिक करने तथा पात्र मतदाताओं के मताधिकार की रक्षा की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने बताया कि अभियान के तहत पहले जिला मुख्यालयों पर पत्रकार वार्ता, फिर मतदान केंद्र स्तर पर मतदाता सूची का पुनरीक्षण और इसके बाद बूथ से जिला स्तर तक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह ने बताया कि दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित महारैली में सूरजपुर जिले से 300 से अधिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी शामिल होंगे।

पत्रकार वार्ता में पूर्व मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, पूर्व संसदीय सचिव पारसनाथ राजवाड़े, जिला प्रभारी गुलाब कमरों, जिलाध्यक्ष शशि सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट