सूरजपुर
तीन जिलों में 2.70 करोड़ होंगे खर्च, भैयाथान और ओडग़ी में भी बनेंगे भवन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 24 अक्टूबर। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयासों से प्रदेश के तीन जिलों में छह परियोजना-सह-संसाधन केंद्रों के भवन निर्माण को प्रशासकीय स्वीकृति मिली है। इन भवनों के निर्माण पर कुल 2 करोड़ 70 लाख 90 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं, वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रथम किस्त के रूप में 67 लाख 72 हजार 500 रुपये जारी करने की सहमति दी गई है।
स्वीकृत भवनों का निर्माण सूरजपुर जिले के भैयाथान और ओडग़ी, रायगढ़ जिले के तमनार तथा बीजापुर जिले के बीजापुर, उसूर और भोपालपटनम में किया जाएगा। प्रत्येक भवन के लिए 45 लाख 15 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
महिला एवं बाल विकास विभाग महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, विकास तथा अधिकारों के संरक्षण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का संचालन करता है। परियोजना-सह-संसाधन केंद्र इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, विभागीय समन्वय और सेवाओं की निगरानी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। नए भवनों के निर्माण से विभागीय कार्यों के संचालन में सुविधा मिलेगी और योजनाओं को जमीनी स्तर पर बेहतर ढंग से लागू करने में मदद मिलेगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में सेवाओं को मिलेगी मजबूती
इन भवनों के निर्माण से विभागीय अमले को आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे महिलाओं और बच्चों के हित में संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आने के साथ ही हितग्राहियों को विभागीय सेवाओं का लाभ पहुंचाने में सहूलियत होगी। विशेषकर दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में महिला एवं बाल विकास विभाग की गतिविधियों को व्यवस्थित करने में ये केंद्र उपयोगी साबित होंगे।
शासन के निर्देशानुसार, अगली किस्त जारी करने के लिए प्रथम किस्त के उपयोग का प्रमाण-पत्र तथा निर्माण कार्य की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति का विवरण प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
स्वीकृत राशि का उपयोग निर्धारित नियमों और व्यय सीमा के अनुरूप किया जाएगा।