सूरजपुर

सीएमएचओ ने किया स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण
24-Oct-2026 9:09 PM
सीएमएचओ ने किया स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण

ड्यूटी में लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर,24 अक्टूबर। बलरामपुर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. विजय कुमार सिंह ने शनिवार को विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों का सायंकालीन औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरियों में स्वास्थ्य सुविधाओं, व्यवस्थाओं तथा कर्मचारियों की उपस्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान कुछ अधिकारी-कर्मचारी कार्यस्थल से अनुपस्थित पाए गए। इस पर सीएमएचओ ने नाराजगी जताते हुए संबंधित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्यूटी में लापरवाही और बिना अनुमति अनुपस्थित रहने की प्रवृत्ति बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डॉ. सिंह ने स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले को निर्देशित किया कि सभी अधिकारी-कर्मचारी अपने निर्धारित मुख्यालय में निवास करें और निर्धारित समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य केंद्र लोगों को उपचार उपलब्ध कराने का प्रमुख माध्यम हैं। ऐसे में स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

सीएमएचओ ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों का प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों के साथ संवेदनशीलता एवं सम्मानपूर्वक व्यवहार करने तथा परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति, जिम्मेदारी के साथ कार्य करना और मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार आवश्यक है।


अन्य पोस्ट