सूरजपुर

4 दशक से आस्था और सेवा की मिसाल बना श्री नवयुवक दुर्गा मंडल
23-Oct-2026 8:54 PM
4 दशक से आस्था और सेवा की मिसाल बना श्री नवयुवक दुर्गा मंडल

भजन संध्या, संजीव झांकियों और चुनरी उत्सव ने मोहा मन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 23 अक्टूबर। भैयाथान रोड स्थित श्री नवयुवक दुर्गा मंडल का 40वां वार्षिकोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। शनिवार, 17 अक्टूबर को आयोजित कार्यक्रम में महाआरती, रात्रि जागरण, भजन संध्या, संजीव झांकियों, चुनरी उत्सव और सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। अष्टमी की रात नौ बजे शुरू हुआ कार्यक्रम नवमी की सुबह छह बजे तारा रानी की कथा और आरती के साथ संपन्न हुआ।

भजन गायिका नंदनी श्रीवास्तव तथा गायक ओम सराफ और राजन सराफ की प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु झूमते रहे। मध्यप्रदेश से आई संजीव झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। चुनरी उत्सव में श्रद्धालुओं ने माता रानी को चुनरी अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

मंडल की धार्मिक परंपरा का उल्लेख करते हुए बताया गया कि 10 अक्टूबर 1986 से मंगलवार संकीर्तन की शुरुआत हुई थी। मंडल कुदरगढ़, देवगढ़ और अन्य धार्मिक स्थलों पर भी भंडारा, संकीर्तन एवं धार्मिक आयोजनों में सहयोग करता है। इसके साथ ही जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह, उपचार और मंदिरों के जीर्णोद्धार में भी योगदान देता रहा है।

वार्षिकोत्सव के दौरान मंडल के संस्थापकों और दिवंगत सहयोगियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में धर्माचार्यों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, वरिष्ठ संरक्षकों और मंडल के पदाधिकारियों का सम्मान किया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, सदस्य और सहयोगी शामिल हुए।


अन्य पोस्ट