सूरजपुर

क्षत्रिय समाज शिक्षा को बनाएं अपना हथियार- डॉ. संजय सिंह
23-Oct-2026 8:52 PM
क्षत्रिय समाज शिक्षा को बनाएं अपना हथियार- डॉ. संजय सिंह

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिश्रामपुर, 23 अक्टूबर। क्षत्रिय समाज शिक्षा को अपना हथियार बनाएं, बच्चों को खूब पढ़ाये, आगे बढ़ाएं, बच्चे अपने आप अपने पैरों पर खड़े हो जाएंगे। उक्त उद्गार क्षत्रिय समाज बिश्रामपुर इकाई द्वारा आयोजित होने वाले शस्त्र पूजा कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं एसईसीएल विश्रामपुर क्षेत्र के महाप्रबंधक डॉ. संजय सिंह ने क्षत्रिय समाज के सदस्यों को संबोधित करते हुए कही।

डॉ. संजय सिंह ने सर्वप्रथम आदि शक्ति माँ दुर्गा एवं भगवान श्री राम की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। ब्राह्मणों द्वारा वैदिक मंत्र उच्चारण के बीच धार्मिक शस्त्र पूजन की शुरुआत हुई।

क्षेत्रीय महाप्रबंधक डॉ. संजय सिंह ने कहा कि शिक्षा के बल पर समाज के लोग आगे बढ़े, शिक्षा को ही अपना हथियार बनाएं। जितना आप पढ़ेंगे, उतना ही आप बढ़ेंगे। समाज के कमजोर वर्ग को हर संभव मदद करें, उनके दुख-सुख की सहभागी बने। समाज मजबूत होगा तो देश मजबूत होगा। जब आप मजबूत हो जाएं तो राष्ट्र को मजबूत बनाने हेतु सार्थक कदम उठाएं।  सभी वर्गों  का आदर सम्मान करें, सभी को मजबूत करें, यही आपकी पहचान है आपका इतिहास है। कमजोर को उठाना क्षत्रियों का दायित्व है। हां इस बात का ध्यान दें, हम किसी समाज का तभी सहयोग कर सकते हैं, जब हम पढ़ लिखकर मजबूत होंगे।

डॉ. संजय सिंह ने नवरात्रि एवं विजयदशमी की क्षत्रिय समाज के साथ-साथ पूरे कोयलांचल के लोगों को शुभकामनाएं दी और मां भगवती से सभी को आरोग्य बनाए रखना की  प्रार्थना की तथा भगवान श्री राम से राष्ट्र का वैभव उच्च रखने की प्रार्थना की।

इस अवसर पर सूरजपुर जिला के मुख्य  चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह ने कहा कि ऐसे तो सभी से हम छोटे हैं हमें ज्ञान देने का अधिकार नहीं है। मंगल कामनाओं के साथ आप सब दुर्गा पूजा मनाएं तथा हम सभी पर अपना आशीर्वाद बनाए रखें।

 केंद्रीय चिकित्सालय विश्रामपुर के पूर्व मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.  विवेकानंद सिंह ने कहा कि क्षत्रिय समाज का गौरवपूर्ण इतिहास रहा है। आप सभी को विजयदशमी की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई। आप सब ज्ञान अर्जन को ही अपना लक्ष्य बनाएं, रोजगार का अवसर स्वयं खुलता चला जाएगा।

 एसईसीएल बिश्रामपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय सेल्स मैनेजर गोकुल नंद किशोर सिंह ने क्षत्रिय समाज सहित पूरे कोयलांचलवासियों को विजयदशमी की बधाई देते हुए शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने की अपील की।

शस्त्र पूजन कार्यक्रम में क्षत्रिय समाज के अध्यक्ष इंजीनियर विनय सिंह ने आभार प्रदर्शन किया। संचालन समाज की सचिव उज्जवल सिंह ने की।

 कार्यक्रम से पूर्व मुख्य  अतिथियों को अंग वस्त्र से समाज के लोगों ने स्वागत किया।

इस अवसर पर उप महाप्रबंधक अतुल सिंह, प्रबंधक बीपी सिंह, श्रमिक नेता सुजीत सिंह, शिक्षक सुनील सिंह सहित रमाशंकर सिंह, रंजय सिंह, गोपाल सिंह विद्रोही,प्रणय सिंह राणा, नीरज सिंह,विकास सिंह , चंदन सिंह रोशन सिंह, डॉ विकास सिंह, सुशील सिंह चुना, चंदन सिंह, एवं अवनीश सिंह अजीत सिंह, राघवेंद्र सिंह,अरविंद सिंह,प्रेम चन्द सिंह,हरि सिंह, गौतम सिंह चौहान,नरेंद्र सिंह चौहान, पृथ्वीराज सिंह,नीरज सिंह सहित काफी संख्या में समाज के लोगों उपस्थित थे।

 

 

 

 


अन्य पोस्ट