सूरजपुर
पखांजूर, 21 अक्टूबर। विजयादशमी के अवसर पर कापसी में माँ दुर्गा की विदाई का पर्व अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान बंगाली समाज और स्थानीय मातृशक्ति द्वारा पारंपरिक सिंदूर खेला का विशेष आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं ने एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर सुहाग और अखंड सौभाग्य की कामना की।
सार्वजनिक दुर्गा एवं काली पूजा समिति, कापसी के प्रांगण में माँ दुर्गे की प्रतिमा के समक्ष महिलाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। बंगाली परंपरा के अनुसार माँ को पान और मिठाई का भोग लगाने के बाद सिंदूर लगाकर अगले वर्ष फिर आने का आह्वान किया गया। पंडाल में चारों तरफ लाल सिंदूर के रंगों और बंगाली संस्कृति की अनूठी छटा बिखरी नजर आई।
इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर माँ दुर्गा के दर्शन किए और क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि व भाईचारे की कामना की।