सूरजपुर

दुकान से साडिय़ां पार, राजस्थान के 12 बंदी
19-Oct-2026 9:17 PM
दुकान से साडिय़ां पार, राजस्थान के 12 बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 19 अक्टूबर। लटोरी-करवां मार्ग स्थित विकास वस्त्रालय में साड़ी खरीदने के बहाने पहुंचीं महिलाओं ने शातिर तरीके से 36 हजार रुपये की साडिय़ां पार कर दीं। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 महिलाओं और दो पुरुषों सहित कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी राजस्थान के बताए गए हैं। आरोपियों के कब्जे से चोरी गई साडिय़ां भी बरामद कर ली गई हैं।

पुलिस के अनुसार, दुकान संचालक विवेकानंद विश्वास ने शिकायत दर्ज कराई कि 17 अक्टूबर की शाम करीब सात बजे दो कारों से आधा दर्जन महिलाएं उनकी दुकान पहुंचीं। महिलाओं ने साडिय़ां दिखाने को कहा। दुकानदार उन्हें साडिय़ां दिखाने में व्यस्त था, तभी महिलाओं ने उसकी नजर बचाकर पांच साडिय़ां पार कर दीं। इसी समूह की कुछ महिलाएं दुकान से लगे गोदाम में भी साडिय़ां देखने के बहाने पहुंचीं और वहां से साडिय़ों का एक बंडल लेकर निकल गईं। महिलाओं के जाने के बाद दुकानदार को चोरी की जानकारी हुई, जिसके बाद उसने पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई।

बनारस रोड पर तंबू लगाकर बेचने की तैयारी

शिकायत मिलते ही पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी दौरान पता चला कि संदिग्ध महिलाएं बनारस रोड पर सडक़ किनारे तंबू लगाकर चोरी की साडिय़ां बेचने के लिए बैठी हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी को हिरासत में लिया और चौकी लाकर दुकान संचालक से पहचान कराई। इसके बाद चोरी गई साडिय़ां बरामद कर ली गईं।  सभी आरोपी राजस्थान के बारां जिले के विभिन्न गांवों के निवासी बताए गए हैं।

 पुलिस के अनुसार उक्त सभी पकड़े गए आरोपी घुमंतू प्रवृति के हैं इसी तरह के ठगी के कारोबार इनके द्वारा चलाने की जानकारी पूछताछ में सामने आई है।

दुकान संचालक की रिपोर्ट पर पुलिस ने दो पुरुष समेत दस महिला आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4), 305(ए) और 303(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। सभी 12 आरोपियों को गिरफ़्तार कर न्यायालय पेश किया है।

पकड़े गए आरोपियों में जोधराज, सुरेंद्र उर्फ जगराम,  भूली पति मोरपार, शराफत,शराफत पति बीरबल, ममता बाई उर्फ छाबका,सुनीता,  तसबीर,  राजनति, एमा बाई, रेनू पति रामभरोस, भूली बाई पति मित्रालाल सभी निवासी जिला बारां राजस्थान के बताए गए हैं।


अन्य पोस्ट