सूरजपुर
महिला की मौत के बाद चक्काजाम और सरकारी काम में बाधा डालने का भी आरोप, अन्य की तलाश
सूरजपुर,19 अक्टूबर। सूरजपुर जिले के कुबेरपुर में सडक़ हादसे में महिला की मौत के बाद हुए प्रदर्शन, चक्काजाम और क्रशर प्लांट सहित मशीनों में आगजनी के मामले में चांदनी पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों पर संगठित होकर आगजनी करने और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने का आरोप है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, 17 अक्टूबर को ग्राम कुबेरपुर में बोल्डर लोड ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से स्कूटी सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने कुबेरपुर चौक पर एकत्र होकर चक्काजाम कर दिया। पुलिस और कार्यपालिक दंडाधिकारी ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। इस दौरान शव पंचनामा और अन्य कानूनी कार्रवाई में बाधा डालने का भी आरोप है।
इसी घटना के बाद रात में खालबहरा स्थित महावीर पाठक के क्रेशर प्लांट, मकान, जेसीबी, जनरेटर, मोटरसाइकिल, ट्रैक्टर और कुर्सी-टेबल में आग लगा दी गई। क्रेशर की देखरेख करने वाले राजनारायण पांडेय की रिपोर्ट पर चांदनी थाने में अपराध क्रमांक 101/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया। वहीं, प्रभारी तहसीलदार बिहारपुर की रिपोर्ट पर शासकीय कार्य में बाधा डालने के मामले में अपराध क्रमांक 102/2026 दर्ज किया गया।
पुलिस ने दोनों मामलों में कार्रवाई करते हुए छकउ साकेत , सुभगलाल साकेत , मनीष यादव , मुन्नीलाल यादव , मालिकचंद साकेत और कृष्ण यादव को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी संबंधित गांवों के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के बाद आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। मामले में अन्य संलिप्त लोगों की पतासाजी की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन और एसडीओपी ओडग़ी राजेंद्र मंडावी के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। इसमें चांदनी थाना प्रभारी लक्ष्मी प्रसाद गुप्ता, ओडग़ी थाना प्रभारी अलरिक लकड़ा और उनकी टीम की सक्रिय भूमिका रही।