सूरजपुर

सूरजपुर में सवा 21 करोड़ के चार सडक़ निर्माण कार्यों को मंजूरी
19-Oct-2026 9:15 PM
सूरजपुर में सवा 21 करोड़ के चार सडक़ निर्माण कार्यों को मंजूरी

सूरजपुर,19 अक्टूबर। जिले में सडक़ अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए छत्तीसगढ़ शासन ने 21 करोड़ 33 लाख 16 हजार रुपये की लागत से चार सडक़ निर्माण, चौड़ीकरण एवं उन्नयन कार्यों को प्रशासकीय स्वीकृति दी है। भटगांव और प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले इन कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों की सडक़ कनेक्टिविटी बेहतर होगी।

भटगांव विधानसभा क्षेत्र के भैयाथान विकासखंड में तेलगांव मुख्य मार्ग से बरपारा होते हुए बुंदिया चौक तक 5.50 किलोमीटर सडक़ निर्माण के लिए 5 करोड़ 43 लाख 67 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, सूरजपुर विकासखंड में ग्राम पंचायत कुम्दाबस्ती से जूना तालाब बांधभीट तक 2.40 किलोमीटर सडक़ एवं पुल-पुलिया निर्माण के लिए 3 करोड़ 46 लाख 51 हजार रुपये मंजूर हुए हैं।

इसी तरह प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र के प्रेमनगर विकासखंड में मंहगई-कालीपुर से नावापारा मार्ग तक 6.66 किलोमीटर सडक़ एवं पुल-पुलिया निर्माण के लिए 8 करोड़ 13 लाख 51 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। सूरजपुर विकासखंड में रामनगर मुख्य मार्ग से सरस्वतीपुर तक 3 किलोमीटर सडक़ के चौड़ीकरण एवं उन्नयन के लिए 4 करोड़ 29 लाख 47 हजार रुपये की मंजूरी मिली है।

लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता ललित भोई के अनुसार, स्वीकृत कार्यों की निविदा प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर निर्धारित समय-सीमा में निर्माण कराने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।

इन सडक़ों के बनने से ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही, क्षेत्रीय विकास और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।


अन्य पोस्ट