सूरजपुर

एनएसयूआई ने कुलपति के नाम सौंपा ज्ञापन
17-Oct-2026 9:14 PM
एनएसयूआई ने कुलपति के नाम सौंपा ज्ञापन

प्रतापपुर, 17 अक्टूबर। सूरजपुर जिले के प्रतापपुर स्थित शासकीय कालिदास महाविद्यालय के विद्यार्थियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के प्रतिनिधिमंडल ने संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय (सरगुजा, अंबिकापुर) के कुलपति के नाम ज्ञापन सौंपा है।

प्रणव दुबे एवं मुमसद खान के निर्देश और एनएसयूआई ब्लॉक अध्यक्ष रिजवान के मार्गदर्शन में सौंपे गए ज्ञापन में छात्रहित से जुड़े तीन प्रमुख बिंदुओं पर ध्यान आकर्षित कराया गया है। संगठन ने महाविद्यालय के जिन छात्र-छात्राओं की मूल अंकसूचियां अब तक लंबित हैं, उन्हें शीघ्र प्रदान किए जाने की मांग की है, ताकि विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई और प्रवेश प्रक्रिया में असुविधा का सामना न करना पड़े।

ज्ञापन में एक छात्र संगठन के कार्यक्रम के लिए महाविद्यालय के आधिकारिक पत्रशीर्ष के कथित उपयोग का मुद्दा उठाया गया है। एनएसयूआई ने मामले की निष्पक्ष जांच कर यह स्पष्ट करने की मांग की है कि संबंधित पत्र किसके द्वारा जारी किया गया तथा इसके लिए संस्थागत अनुमति ली गई थी या नहीं।

परीक्षा आवेदन भरते समय निर्धारित शुल्क से अधिक राशि लिए जाने की शिकायत की जांच कराए जाने की मांग की गई है। संगठन ने मांग की है कि अधिक वसूली की पुष्टि होने पर विद्यार्थियों को राशि वापस दिलाई जाए और शुल्क प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।

ज्ञापन सौंपने के दौरान एनएसयूआई ब्लॉक अध्यक्ष रिजवान के मार्गदर्शन में विनय चौधरी, कमलेश रवि, दीपक कुमार, अमानत अंसारी, अयान, अनुकांत बरवा, गोलू रजवाड़े, नीतेश, नरेंद्र, कृष्णा यादव, संदीप, संगीता और अविषेक यादव सहित अन्य छात्र उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट