सूरजपुर
सूरजपुर, 14 अक्टूबर। नशीले इंजेक्शन के अवैध कारोबार के मामले में सूरजपुर के विशेष एनडीपीएस न्यायालय ने आरोपी को 10 वर्ष के सश्रम कारावास और एक लाख रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने 430 नशीले इंजेक्शन बरामद किए थे। मामले में न्यायालय ने गवाहों के बयान और एफएसएल रिपोर्ट सहित उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को दोषी ठहराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 मार्च 2025 को झिलमिली पुलिस को मुखबिर से ग्राम दवना में नशीले इंजेक्शन रखे जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ग्राम दवना निवासी सुशील दास देवांगन (28 वर्ष), पिता आनंद दास, के कब्जे से कुल 430 नशीले इंजेक्शन जब्त किए थे। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 47/2025 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया था।
मामले के विवेचक एएसआई महेंद्र सिंह मरावी ने विवेचना के दौरान साक्ष्य संकलित कर आरोप पत्र विशेष एनडीपीएस न्यायालय सूरजपुर में प्रस्तुत किया। प्रकरण का संचालन विशेष लोक अभियोजक रमेश सिंह कुशवाहा ने किया।
मामले की सुनवाई विशेष न्यायाधीश मानवेन्द्र सिंह के न्यायालय में हुई। न्यायालय ने प्रकरण के समग्र तथ्यों, गवाहों के कथनों और एफएसएल रिपोर्ट का अवलोकन करने के बाद 13 अक्टूबर को आरोपी सुशील दास देवांगन को स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम, 1985 की धारा 21(सी) के तहत दोषी ठहराते हुए 10 वर्ष के सश्रम कारावास और एक लाख रुपये के अर्थदंड से दंडित किया।