सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 13 अक्टूबर। सडक़ सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और सुरक्षित यातायात का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन सूरजपुर एवं अपना हेल्प क्यूआर के संयुक्त तत्वावधान में सडक़ सुरक्षा मैराथन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों, युवाओं एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। मैराथन में लगभग 800 प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर सडक़ सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
मैराथन का शुभारंभ राजमोहनी माता चौक से प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री एवं महिला बाल विकास विभाग मंत्री साहित अन्य जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों ने स्वयं बाइक रैली में शामिल होकर नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित वाहन चालन का संदेश दिया। मैराथन का समापन साधुराम सेवा कुंज में हुआ। इस दौरान रोड सेफ्टी मैराथन में विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी,जनपद अध्यक्ष सूरजपुर स्वाति सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर रेना जमील, पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल, वनमण्डलाधिकारी विपुल अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले, अन्य अधिकारी-कर्मचारी, नागरिकगण, मैराथन प्रतिभागी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सडक़ सुरक्षा के प्रति जागरूकता एवं दुर्घटना की स्थिति में त्वरित सहायता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रोड सेफ्टी अपना हेल्प क्यूआर के लोगो का शुभारंभ भी किया गया। इस पहल के माध्यम से तकनीक का उपयोग कर आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिकों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने तथा सडक़ सुरक्षा के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने उपस्थित जनसमूह को सडक़ सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए आवश्यक है। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वे स्वयं दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट का उपयोग करते थे। उन्होंने युवाओं से कहा कि सुरक्षित यातायात की शुरुआत हमें स्वयं से करनी होगी। सडक़ सुरक्षा के नियमों को केवल याद रखना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें अपने दैनिक जीवन में अपनाना भी जरूरी है। उन्होंने इस दौरान उपस्थित जनों को यातायात नियमों व सडक़ सुरक्षा की शपथ भी दिलाई।
मंत्री श्री जायसवाल ने सडक़ दुर्घटना पीडि़तों की सहायता के लिए शासन द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि पीएम राहवीर योजना के अंतर्गत सडक़ दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाकर सहायता करने वाले पात्र राहवीर को 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान करने का प्रावधान है।
सडक़ दुर्घटना में घायल व्यक्तियों के लिए निर्धारित प्रावधानों के तहत कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने नागरिकों से दुर्घटना की स्थिति में घायलों की मदद के लिए आगे आने की अपील की।
इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने भी अपने उद्बोधन में आमजनो को यातायात नियमों के पालन करने की अपील की।
कलेक्टर रेना जमील ने मैराथन में बच्चों एवं युवाओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि सडक़ सुरक्षा हम सभी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है। सडक़ दुर्घटना के बाद घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाकर त्वरित उपचार उपलब्ध कराया जाए, तो कई अनमोल जिंदगियां बचाई जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल 5 किलोमीटर की दौड़ नहीं, बल्कि सडक़ सुरक्षा के प्रति हमारी सामूहिक जागरूकता, जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता का प्रतीक है। कलेक्टर ने जिला प्रशासन की अभिनव पहल अपना हेल्प क्यूआर का उल्लेख करते हुए कहा कि इस नवाचार का उद्देश्य दुर्घटना की स्थिति में जरूरतमंदों तक त्वरित एवं नि:शुल्क सहायता पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि सडक़ दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को समय पर अस्पताल पहुंचाने और पीएम राहत योजना के अंतर्गत उपचार सुविधा का लाभ दिलाने में भी यह पहल मददगार हो सकती है। उन्होंने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, सडक़ सुरक्षा के प्रति सजग रहने तथा दुर्घटना की स्थिति में घायलों की सहायता के लिए आगे आने का आह्वान किया।
एक क्यूआर, कई समाधान - आपातकाल में मददगार बनेगी डिजिटल पहल
अपना हेल्प क्यूआर सूरजपुर जिले में इसे पायलट प्रोजेक्ट के रूप में प्रारंभ किया गया है। इस पहल के माध्यम से नागरिकों को एक ही क्यूआर कोड स्कैन करने पर अनेक महत्वपूर्ण सुविधाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। इनमें आपातकालीन स्थिति में एम्बुलेंस एवं पुलिस को कॉल करने, परिजनों को सूचना पहुंचाने तथा गलत पार्किंग की स्थिति में वाहन मालिक को अलर्ट भेजने जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इस प्रणाली में उपयोगकर्ताओं की व्यक्तिगत जानकारी एवं पहचान की गोपनीयता का भी विशेष ध्यान रखा गया है। जिले के सभी ब्लाइंड स्पॉट पर भी क्यूआर कोड लगाए गए हैं, ताकि आवश्यकता पडऩे पर नागरिक आसानी से सहायता प्राप्त कर सकें। यह पहल विशेष रूप से सडक़ दुर्घटनाओं के दौरान त्वरित सहायता उपलब्ध कराने, समय पर उपचार सुनिश्चित करने तथा सडक़ सुरक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।