सूरजपुर

वृद्धा पर दीवार गिरी, इलाज के दौरान मौत
13-Oct-2026 10:21 PM
 वृद्धा पर दीवार गिरी, इलाज के दौरान मौत

 नदी में बालक की डूबकर मौत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर,13 अक्टूबर। सूरजपुर जिला के करंजी चौकी की खरसुरा निवासी 65 बरस की वृद्धा पर दोपहर एकाएक भारी भरकम दीवार गिर जाने से दबकर उसकी मौत हो गई। वहीं दूसरी घटना में रेंड नदी में बालक की डूबकर मौत हो गई।

बताया गया कि  खरसुरा में सोमवार दोपहर मानमती मानिकपुरी घर के नाली से लगे दीवार के किनारे बैठकर गुड़ाखू कर रही थी इसी दौरान अचानक दीवार का हिस्सा उसके ऊपर आ गिरा।

आवाज सुनकर घरवाले दौड़े और उसे किसी तरह बाहर निकाल गंभीर हालत में इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र करंजी पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार बाद उसे चिकित्सक ने सूरजपुर जिला अस्पताल रेफर किया था। परिजन उसे ले जाने वाहन खोज रहे थे, इसी दौरान दोपहर तीन बजे उसकी सांसे थम गई। रिपोर्ट पर करंजी पुलिस ने मामले में मर्ग कायम किया है।

वहीं दूसरी घटना में सोहागपुर निवासी फूलचंद सिंह के पांच वर्षीय पुत्र हर्षवर्धन सिंह अपने दो  साथियों के साथ नहाने गांव से गुजरे रेंड नदी गया था। इस दौरान वह गहरे पानी में समा गया, जिससे उसकी मौत हो गई। रिपोर्ट पर करंजी पुलिस ने शव पंचनामा पीएम उपरांत बॉडी परिजनों को सौंप दिया है। घटना से दोनों गांव में शोक का माहौल निर्मित हो गया है।


अन्य पोस्ट