सूरजपुर
वित्तीय अनियमितता के आरोप, कलेक्टर से उच्चस्तरीय जांच की मांग
सूरजपुर, 7 अक्टूबर। जनपद पंचायत सूरजपुर में वित्तीय वर्ष 2023-24 से 2025-26 के बीच चाय, नाश्ता और भोजन के नाम पर हुए 7 लाख 83 हजार 382 रुपये के भुगतान को लेकर कांग्रेस ने गंभीर सवाल उठाए हैं।
जिला कांग्रेस कमेटी के जिला मीडिया प्रभारी अविनाश साहू ने 315 पन्नों के आरटीआई दस्तावेजों के आधार पर मामले में वित्तीय अनियमितता का आरोप लगाते हुए कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी के माध्यम से पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के प्रमुख सचिव को शिकायत भेजकर उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
साहू के अनुसार आरटीआई से प्राप्त दस्तावेजों में संबंधित खरीदी के लिए निविदा अथवा कोटेशन प्रक्रिया और क्रय समिति से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने की जानकारी सामने आई है। उन्होंने सवाल उठाया कि निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए बिना लाखों रुपये के भुगतान किस आधार पर किए गए।
उपस्थिति कम, नाश्ता-भोजन के पैकेट अधिक
कांग्रेस नेता ने बैठकों में दर्ज उपस्थिति और जलपान के लिए किए गए भुगतान में अंतर का भी दावा किया है। उनके अनुसार वर्ष 2025-26 में 11 बैठकों में कुल 255 लोगों की उपस्थिति दर्ज थी, जबकि 489 नाश्ता पैकेट, 779 भोजन पैकेट और 1125 चाय-कॉफी कप के भुगतान का उल्लेख है। इसी तरह वर्ष 2024-25 में चार बैठकों में 106 लोगों की उपस्थिति के मुकाबले 435 नाश्ता पैकेट तथा वर्ष 2023-24 में सात बैठकों में 169 लोगों की उपस्थिति के मुकाबले 400 नाश्ता पैकेट के भुगतान का दावा किया गया है।
साहू ने इन आंकड़ों को आधार बनाते हुए संबंधित बैठकों, उपस्थिति पंजी, बिलों और भुगतान अभिलेखों का सत्यापन कराने की मांग की है।
स्टॉक एंट्री नहीं होने का भी आरोप
आरटीआई के जवाब में पत्र क्रमांक 1436 के बिंदु क्रमांक 7 का हवाला देते हुए साहू ने कहा कि खरीदी गई सामग्रियों की स्टॉक एंट्री का रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि सामग्री की प्राप्ति और भौतिक सत्यापन के अभिलेख उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में संबंधित वेंडरों को भुगतान किस आधार पर किया गया।
उन्होंने संबंधित बिलों में जीएसटी संबंधी दस्तावेजों की भी जांच कराने की मांग की है। कांग्रेस का आरोप है कि पूरे मामले में सरकारी राशि के उपयोग की प्रक्रिया और भुगतान की वैधता की जांच आवश्यक है।
अविनाश साहू ने कहा कि सरकारी राशि के खर्च में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच कर जिम्मेदारी तय करने की मांग की है। कांग्रेस ने प्रशासन को 15 दिनों के भीतर कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करने का अल्टीमेटम दिया है। निर्धारित अवधि में कार्रवाई नहीं होने पर कांग्रेस एवं युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा जिला कलेक्ट्रेट का घेराव करने की चेतावनी दी गई है।
इस दौरान पूर्व विधानसभा अध्यक्ष युवा कांग्रेस परमेश्वर रजवाड़े, युवा कांग्रेस नेता राजू रजवाड़े, आशीष सिंह सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।