सूरजपुर

पत्नी की हत्या, आरोपी पति बंदी
07-Oct-2026 8:20 PM
पत्नी की हत्या, आरोपी पति बंदी

सूरजपुर, 7 अक्टूबर। सूरजपुर जिला के ग्राम पलमा में पत्नी की हत्या के मामले में चौकी चेन्द्रा पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बकरी की खाल को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने पत्नी के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक ग्राम पलमा निवासी रजनी पैंकरा ने 6 अक्टूबर को चौकी चेन्द्रा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि सुबह उसका भतीजा रिंकू पैकरा उर्फ बउधा अपनी पत्नी रामकुमारी के साथ बाड़ी में मटन बेचने के बाद घर आया था। दोपहर में घर लौटने के बाद रिंकू ने पत्नी से बकरी की खाल के संबंध में पूछा। जानकारी नहीं मिलने पर वह डंडा उठाकर पत्नी के साथ मारपीट करने लगा।

इस दौरान रजनी ने डंडा छीन लिया और खेत की ओर चली गई।

शाम को वापस लौटने पर घर में अन्य लोग मौजूद थे।

अंदर जाकर देखने पर रामकुमारी मृत अवस्था में पड़ी थी और उसके शरीर पर चोट के निशान थे। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी रिंकू पैकरा के खिलाफ  धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के सूक्ष्मता से संकलन के निर्देश दिए।  चेन्द्रा पुलिस ने दबिश देकर आरोपी रिंकू पैकरा उर्फ बउधा निवासी पलमा को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी द्वारा हत्या की वारदात स्वीकार किए जाने की पुलिस ने जानकारी दी। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।


अन्य पोस्ट