सूरजपुर

जमीन हड़पने फर्जीवाड़ा, 2 आरोपी बंदी
05-Oct-2026 8:38 PM
जमीन हड़पने फर्जीवाड़ा, 2 आरोपी बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रघुनाथपुर, 5 अक्टूबर। जमीन खरीदने के नाम पर धोखाधड़ी और षड्यंत्रपूर्वक दूसरी कीमती जमीनों की रजिस्ट्री कराने के मामले में रघुनाथपुर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से जमीन के मूल पंजीयन दस्तावेज सहित अन्य कागजात जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार ग्राम उचडीह निवासी मंगली बाई अपनी स्वामित्व की खसरा नंबर 29/2 और 61/2 की जमीन बेचना चाहती थीं। इसी दौरान आरोपी रंजय कुमार जायसवाल ने छेरतु यादव के माध्यम से उनसे संपर्क किया और जमीन का सौदा 10 लाख रुपये में तय किया।

 आरोप है कि 29 जुलाई 2026 को रंजय कुमार जायसवाल प्रार्थिया और उसके पुत्र को झांसा देकर अंबिकापुर स्थित पंजीयन कार्यालय ले गया और वहां दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करा लिए। आरोपी ने घर पहुंचकर रकम देने का भरोसा दिलाया, लेकिन बाद में पता चला कि तय जमीन के बजाय प्रार्थिया की मंदबुद्धि रिश्तेदार और उसके पुत्र के नाम दर्ज अन्य कीमती जमीनों की रजिस्ट्री आरोपी ने छल-कपटपूर्वक अपनी पत्नी के नाम करा ली।

इसके बदले कोई बिक्री राशि भी नहीं दी गई।

मामले की शिकायत पर रघुनाथपुर पुलिस ने अपराध क्रमांक 228/26 के तहत धारा 318(4), 61(2) बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। इसी तरह गंगापुर निवासी धनेश्वरी पनिका के साथ भी षड्यंत्रपूर्वक धोखाधड़ी करने के आरोप में रंजय कुमार जायसवाल और अमरसाय मानिकपुरी के खिलाफ धारा 318(4), 61(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देश पर रघुनाथपुर पुलिस ने आरोपियों की पतासाजी शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने रंजय कुमार जायसवाल निवासी बटवाही तथा अमरसाय मानिकपुरी  निवासी गंगापुर धनौलीपारा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों द्वारा घटना में संलिप्तता स्वीकार किए जाने की बात पुलिस ने कही है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर संबंधित जमीनों के मूल पंजीयन दस्तावेज जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपियों द्वारा भोले-भाले लोगों को झांसा देकर षड्यंत्रपूर्वक जमीन की रजिस्ट्री कराने की बात सामने आई है। मामले में आगे की विवेचना जारी है और अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।


अन्य पोस्ट