सूरजपुर
सूरजपुर, 3 अक्टूबर। जिला प्रशासन की पहल से संचालित अरुणोदय संस्थान ने आठ वर्ष पूरे कर लिए हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्र के युवाओं को स्थानीय स्तर पर अवसर उपलब्ध कराने वाली इस पहल से अब तक करीब 100 अभ्यर्थियों का विभिन्न प्रशासनिक एवं अन्य शासकीय पदों पर अंतिम चयन हुआ है। वहीं 250 से अधिक अभ्यर्थी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की प्रारंभिक एवं मुख्य परीक्षाओं में अर्हता प्राप्त कर चुके हैं।
गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर 2018 को अरुणोदय की शुरुआत की गई थी। इसका उद्देश्य आर्थिक संसाधनों के अभाव में बड़े शहरों में जाकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी नहीं कर पाने वाले प्रतिभावान युवाओं को स्थानीय स्तर पर मार्गदर्शन और अध्ययन की सुविधाएं उपलब्ध कराना था। आठ वर्षों में संस्थान ने किसान, मजदूर एवं सीमित आय वाले परिवारों के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जोडऩे में भूमिका निभाई है।
नि:शुल्क मार्गदर्शन से मिल रहा लाभ-अरुणोदय में प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों और सफल पूर्व अभ्यर्थियों द्वारा समय देकर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया जाता है।
नियमित कक्षाओं के साथ उत्तर लेखन अभ्यास, टेस्ट सीरीज, परीक्षा विश्लेषण एवं विषयवार मार्गदर्शन से अभ्यर्थियों को अपनी तैयारी का आकलन करने और कमियों में सुधार का अवसर मिल रहा है। अवकाश के दिनों में भी अध्ययन एवं मार्गदर्शन सत्र संचालित किए जाते हैं।
कलेक्टर रेना जमील के मार्गदर्शन में संस्थान की शैक्षणिक गतिविधियों को बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। आदिम जाति कल्याण विभाग के सहायक आयुक्त घनश्याम कुमार सिंह के समन्वय से लाइब्रेरी, अध्ययन कक्ष एवं अन्य शैक्षणिक संसाधनों की व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है।
संस्था प्रमुख सोमनाथ साहू संस्थान की स्थापना से ही शैक्षणिक गतिविधियों एवं व्यवस्थाओं के संचालन में योगदान दे रहे हैं। वहीं शिक्षक रोहित तिवारी के अकादमिक मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन एवं परीक्षा संबंधी तैयारी कराई जा रही है। संस्थान से सफल हुए अभ्यर्थियों के अनुभव भी नई पीढ़ी के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का माध्यम बन रहे हैं।
स्थानीय स्तर पर अध्ययन की सुविधा मिलने से युवाओं को बड़े शहरों में रहने और कोचिंग पर होने वाले खर्च से राहत मिल रही है। जिला प्रशासन, शिक्षकों और विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयास से अरुणोदय ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्र की प्रतिभाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रहा है।