सूरजपुर

आदिवासी छात्रावासों में सुविधाओं का टोटा, कलेक्टर को बताई समस्याएं
30-Sep-2026 8:30 PM
आदिवासी छात्रावासों में सुविधाओं का टोटा, कलेक्टर को बताई समस्याएं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 30 सितंबर। सूरजपुर जिले के आदिवासी छात्रावासों में मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शशि सिंह ने सूरजपुर, प्रेमनगर, रामानुजनगर सहित क्षेत्र के अनेक छात्रावासों का निरीक्षण करने के बाद जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर छात्रावासों की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार की मांग की है।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष के अनुसार, प्रेमनगर स्थित प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट-मैट्रिक कन्या छात्रावास तथा कस्तूरबा गांधी कन्या छात्रावास के निरीक्षण के दौरान छात्राओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य, भोजन, पेयजल और आवास से जुड़ी कई समस्याएं सामने आई है। शशि सिंह ने कलेक्टर से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अधिकारियों की टीम गठित कर छात्रावासों की जांच कराई जाए। ज्ञापन में पेयजल, गुणवत्तापूर्ण भोजन, सैनिटरी पैड, भवन मरम्मत, विद्युत व्यवस्था, अतिरिक्त कमरों के निर्माण तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं का शीघ्र निराकरण कराने की मांग की गई है।

शशि सिंह ने कहा कि आदिवासी छात्र-छात्राओं को बेहतर शिक्षा और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है। छात्रावासों में सुविधाओं की कमी से बच्चों को परेशानी हो रही है, इसलिए इन समस्याओं का तत्काल समाधान होना चाहिए।

बंद वाटर कूलर, पेयजल के लिए परेशानी

जिलाध्यक्ष शशि सिंह ने बताया गया है कि प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट-मैट्रिक कन्या छात्रावास में वाटर कूलर चालू हालत में नहीं है और पेयजल की भारी कमी है। नए ट्यूबवेल की आवश्यकता भी बताई गई है। छात्रावास में भोजन व्यवस्था को लेकर भी शिकायत दर्ज कराई गई है। कांग्रेस का आरोप है कि छात्राओं को दोपहर का भोजन नहीं दिया जा रहा है और नाश्ते के मेन्यू में भी कटौती की गई है। इसके अलावा भवन की छत से पानी रिसने, कमरों में सीलन और खबरा बनने, क्षमता के अनुरूप स्थान की कमी तथा आधुनिक पढ़ाई के लिए डिजिटल बोर्ड जैसी सुविधाओं के अभाव का भी उल्लेख ज्ञापन में किया गया है।

 छात्राओं के लिए सैनिटरी पैड/नैपकिन की कमी और पोस्ट-मैट्रिक छात्रावास में साबुन व तेल जैसी आवश्यक सामग्री उपलब्ध नहीं होने की बात भी कही गई है।साथ ही पचास सीटर छात्रावास में दो सौ बच्चों को रखे जाने का भी आरोप लगाया गया है।


अन्य पोस्ट