सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिश्रामपुर,29 सितंबर। ठेका श्रमिकों की 15 सूत्रीय मांगों को लेकर संयुक्त कोयला मजदूर संघ (एटक) ने 5 अक्टूबर को विश्रामपुर में धरना-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। एटक के क्षेत्रीय सचिव पंकज कुमार गर्ग ने बताया कि 28 सितंबर को एटक एवं एसईसीएल प्रबंधन के बीच हुई द्विपक्षीय वार्ता बेनतीजा रही। इसके बाद यूनियन ने पूर्व घोषित आंदोलन को यथावत रखने का निर्णय लिया है।
उन्होंने बताया कि वार्ता के दौरान ठेका श्रमिकों की समस्याओं, कथित शोषण एवं अधिकारों से जुड़े मुद्दों को प्रबंधन के समक्ष रखा गया। एटक के अनुसार, प्रबंधन की ओर से अधिकांश मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया, लेकिन ठोस समाधान नहीं होने के कारण आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया गया है।
एटक की प्रमुख मांगों में वर्क्स कमेटी का गठन, सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन, खान दुर्घटनाओं को छिपाने पर रोक, ठेका श्रमिकों की भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, नियमानुसार एचपीसी वेतन, पूर्ण बोनस एवं पीएलआई का भुगतान, लंबित बकाया राशि का भुगतान और सीएमपीएफ कटौती की राशि वापस करना शामिल है। इसके अलावा नियुक्ति पत्र, आई-कार्ड, बायोमेट्रिक हाजिरी, प्रतिमाह 26 दिन काम, वैधानिक छुट्टियां, मासिक वेतन पर्ची, हर माह 7 तारीख तक बैंक खाते में वेतन तथा कॉर्पोरेट बीमा एवं अन्य सामाजिक सुरक्षा लाभ देने की मांग की गई है।
एटक के अनुसार, 5 अक्टूबर को सुबह 9 बजे ग्राम पौड़ी ग्राउंड में ठेका श्रमिक एकत्रित होंगे। इसके बाद वहां से महाप्रबंधक कार्यालय तक पैदल रैली निकाली जाएगी। दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक महाप्रबंधक कार्यालय के समक्ष एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
यूनियन ने कहा है कि आंदोलन के बाद भी मांगों का समाधान नहीं होने पर आगामी दिनों में भूख हड़ताल और काम बंद हड़ताल जैसे कदम उठाए जा सकते हैं। क्षेत्रीय सचिव पंकज कुमार गर्ग ने ठेका श्रमिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।