सूरजपुर

रेलवे कर्मियों के लिए 10 लाख तक विशेष ऋण सुविधा मंजूर
27-Sep-2026 9:12 PM
रेलवे कर्मियों के लिए 10 लाख तक विशेष ऋण सुविधा मंजूर

सूरजपुर, 27 सितंबर। दक्षिण पूर्व, दक्षिण पूर्व मध्य एवं ईको रेलवे एम्प्लॉइज को-ऑपरेटिव क्रेडिट सोसाइटी लिमिटेड की 97वीं वार्षिक आम सभा शुक्रवार को कोलकाता में चेयरपर्सन एसपी सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। आम सभा में सोसाइटी के शेयरधारकों के वित्तीय लाभ, कल्याण और डिजिटल सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में शेयरधारकों के लिए 10 लाख रुपये तक की विशेष ऋण सुविधा मंजूर की गई। इस ऋण पर प्रस्तावित ब्याज दर 10 प्रतिशत प्रतिवर्ष होगी। वहीं पात्र शेयरधारकों के लिए नवीकरण ऋण की अधिकतम सीमा 6.50 लाख रुपये से बढ़ाकर 7.50 लाख रुपये कर दी गई है। सोसाइटी द्वारा 2 अक्टूबर 2026 से ऑनलाइन नई सदस्यता की सुविधा शुरू की जाएगी। इसी तिथि से डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से ऑनलाइन ऋण आवेदन,  शेष राशि की लाइव जानकारी और स्वैच्छिक भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध होगी। रेलवे कर्मचारियों के संशोधित वेतन ढांचे को ध्यान में रखते हुए 8वें वेतन आयोग के लागू होने के बाद नई सीएमटीडी स्लैब लागू करने का निर्णय लिया गया है।

इसके अलावा पूर्व में काटी गई जमानत राशि की वापसी को भी मंजूरी दी गई है। यह वापसी सोसाइटी के अभिलेखों के सत्यापन और निर्धारित प्रक्रिया के अधीन होगी।

आम सभा में मृत्यु लाभ को 10 हजार रुपये से बढ़ाकर 30 हजार रुपये करने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही मृत्यु लाभ निधि में अंशदान 30 रुपये से बढ़ाकर 90 रुपये प्रति शेयरधारक प्रतिवर्ष किया जाएगा।

इस अवसर पर पीसीपीओ,एलवीएसएस पात्रुडु, साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर कांग्रेस के महामंत्री पीतांबर लक्ष्मी नारायण, अध्यक्ष डीके स्वाइन, मंडल समन्वयक इंदल दमाहे, बीडी प्रसाद सहित प्रतिनिधि, निदेशक, शेयरधारक एवं अन्य अतिथि उपस्थित रहे। बिलासपुर के डायरेक्टर रामकुमार यादव, रायपुर के डायरेक्टर भीमराव बोदलकर और नागपुर के डायरेक्टर महेंद्र नंदेश्वर भी उपस्थित रहे।

सोसाइटी के अनुसार, इन निर्णयों का उद्देश्य सदस्यों को वित्तीय सहायता के साथ तेज, पारदर्शी और सुविधाजनक डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराना है।


अन्य पोस्ट