सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 27 सितंबर। असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस (केकेसी), छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक बोरकर रविवार को सूरजपुर प्रवास पर पहुंचे। इस दौरान स्थानीय रेस्ट हाउस में जिला अध्यक्ष संदीप शर्मा की अध्यक्षता में संगठन के नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में संगठन के विस्तार, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी तथा असंगठित कामगारों एवं मजदूरों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक बोरकर ने नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में असंगठित कामगारों, मजदूरों एवं कर्मचारियों से नियमित जनसंपर्क स्थापित करने तथा उनकी समस्याओं की जानकारी लेकर संबंधित विभागों एवं प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य असंगठित क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों एवं कामगारों की समस्याओं को सामने लाना तथा उनके अधिकारों एवं हितों के लिए निरंतर प्रयास करना है। उन्होंने पदाधिकारियों से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने और अधिक से अधिक कामगारों को संगठन से जोडऩे का आह्वान किया। प्रदेश अध्यक्ष ने नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रियता और संगठन की मजबूती से कामगारों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से सामने लाया जा सकेगा।
बैठक में प्रदेश महासचिव तपन सिकदार, प्रदेश सचिव डॉ. प्रभात विश्वास, जिला अध्यक्ष संदीप शर्मा, जिला उपाध्यक्ष रियाज अहमद खान, जिला सचिव अमरदीप कुमार, बबलू यादव, सूरजपुर ब्लॉक अध्यक्ष दीपक कुमार साहू, लटोरी ब्लॉक अध्यक्ष अरविन्द भगत, सलका ब्लॉक अध्यक्ष हीरालाल रजवाड़े सहित अन्य नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।