सूरजपुर

शिवनंदनपुर में डेढ़ करोड़ से मंगल भवन, 95 लाख से बनेगा मुक्तिधाम
27-Sep-2026 9:07 PM
शिवनंदनपुर में डेढ़ करोड़ से मंगल भवन, 95 लाख से बनेगा मुक्तिधाम

सूरजपुर, 27 सितंबर। नगर पंचायत शिवनंदनपुर में नागरिक सुविधाओं और अधोसंरचना के विस्तार की दिशा में करीब 2.70 करोड़ रुपये के चार प्रमुख निर्माण कार्यों के प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। इनमें वार्ड क्रमांक 05 एवं 06 के बीच 1 करोड़ 65 लाख रुपये की लागत से मंगल भवन तथा वार्ड क्रमांक 06 में 95 लाख रुपये की लागत से मुक्तिधाम निर्माण का प्रस्ताव प्रमुख है। इसके अलावा हनुमान मंदिर और राम मंदिर निर्माण के लिए भी 5.04-5.04 लाख रुपये के प्रस्ताव तैयार किए गए हैं।

नगर पंचायत शिवनंदनपुर के अध्यक्ष रितेश जायसवाल ने कहा कि शिवनंदनपुर के विकास को गति देने के लिए  मुख्यमंत्री की घोषणा के साथ स्थानीय विधायक, मंत्री एवं जनप्रतिनिधियों के सहयोग से नगर में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

परिषद एवं पीआईसी की बैठकों में नगरहित और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी निर्णय लिए गए हैं।कुल करीब पौने तीन करोड़ के कार्य का प्रस्ताव तैयार कर स्वीकृति के लिए शासन को भेजा गया है।

नगर पंचायत के निर्वाचित अध्यक्ष एवं पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शिवनंदनपुर में लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से बृहद मंगल भवन निर्माण की घोषणा की थी। इसी घोषणा के परिपालन में निकाय द्वारा प्रस्ताव एवं प्राक्कलन तैयार कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। प्रस्तावों को संचालनालय भेजने की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

नगर पंचायत के प्रस्तावित विकास कार्यों में मुक्तिधाम निर्माण प्रमुख परियोजनाओं में शामिल है। इसके लिए 95 लाख रुपये का प्राक्कलन तैयार किया गया है। कार्य राज्य प्रवर्तित योजना के अंतर्गत प्रस्तावित है तथा लोक निर्माण विभाग के नवीन एसओआर के आधार पर लागत निर्धारित की गई है।

वहीं वार्ड क्रमांक 05 एवं 06 के बीच 1.65 करोड़ रुपये की लागत से मंगल भवन निर्माण का प्रस्ताव है। मंगल भवन बनने से क्षेत्रवासियों को सामाजिक, धार्मिक एवं पारिवारिक आयोजनों के लिए सार्वजनिक सुविधा उपलब्ध होगी।

नगर पंचायत गठन और प्रथम चुनाव के बाद निर्वाचित परिषद द्वारा शिवनंदनपुर में सडक़, नाली, पेयजल, विद्युतीकरण, साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, स्वच्छता अभियान एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन सहित विभिन्न नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं।

मंदिर निर्माण के लिए भी प्रस्ताव

नगर में धार्मिक एवं सांस्कृतिक अधोसंरचना के विस्तार के लिए हनुमान मंदिर और राम मंदिर निर्माण के प्रस्ताव भी तैयार किए गए हैं। दोनों कार्यों के लिए 5.04 लाख रुपये प्रत्येक का प्राक्कलन प्रस्तावित है। ये कार्य धार्मिक, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के अंतर्गत प्रस्तावित किए गए हैं।


अन्य पोस्ट