सूरजपुर

बिश्रामपुर कॉलेज में मना एनएसएस स्थापना दिवस
25-Sep-2026 9:31 PM
 बिश्रामपुर कॉलेज में मना एनएसएस स्थापना दिवस

स्वयंसेवकों को स्वच्छता, नशामुक्ति एवं जनहित के कार्यों के लिए किया प्रेरित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 25 सितंबर। शासकीय महाविद्यालय बिश्रामपुर में गुरुवार 24 सितंबर को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) का स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद एवं मां सरस्वती के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जनभागीदारी समिति अध्यक्ष रितेश जायसवाल, नगर पंचायत बिश्रामपुर के उपाध्यक्ष दीपेंद्र सिंह चौहान, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष राजेश यादव एवं पार्षद अमरेश प्रसाद उपस्थित रहे। राष्ट्रीय गीत एवं राजकीय गीत के बाद अतिथियों का सम्मान किया गया।

प्राचार्य डीपी कोरी ने कार्यक्रम अधिकारी का अतिरिक्त दायित्व निभाते हुए स्वयंसेवकों को राष्ट्रीय सेवा योजना की गतिविधियों और उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने स्वयंसेवकों को जागरूकता, स्वच्छता, नशामुक्ति उन्मूलन तथा जनहित से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। प्राचार्य ने कविता के माध्यम से भी विद्यार्थियों को श्रम एवं सेवा के लिए प्रोत्साहित किया।इस अवसर पर सत्र 2026-27 के दलनायक तथा विभिन्न समितियों के प्रभारियों के नामों की घोषणा की गई और उन्हें जिम्मेदारी का बेहतर निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया।

मुख्य अतिथि रितेश जायसवाल ने स्वयंसेवकों से महाविद्यालय हित में सक्रियता से कार्य करने तथा अच्छी शिक्षा प्राप्त करने के लिए कठिन परिश्रम करने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को महाविद्यालय का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। दीपेंद्र सिंह चौहान ने एनएसएस स्थापना दिवस पर महाविद्यालय परिवार को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक, अतिथि व्याख्याता, कर्मचारी एवं एनएसएस स्वयंसेवक उपस्थित रहे। संचालन कार्यक्रम अधिकारी एवं समाजशास्त्र के सहायक अतिथि व्याख्याता निशांत मिंज ने किया।


अन्य पोस्ट