सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 23 सितंबर। सूरजपुर जिले के ग्राम पंचायत कल्याणपुर के चौक पर शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे और सडक़ किनारे बढ़ते अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश अब सडक़ पर उतरने की तैयारी में है। ग्रामीणों ने सूरजपुर एसडीएम को लिखित सूचना देकर 24 सितंबर गुरुवार को सुबह 11 बजे से कल्याणपुर चौक स्थित प्रतापपुर मार्ग पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन एवं चक्काजाम किए जाने की जानकारी दी है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कल्याणपुर चौक और प्रतापपुर मार्ग के आसपास शासकीय भूमि पर लगातार कब्जा किया जा रहा है। स्थिति यह है कि अवैध अतिक्रमण पक्की नाली के ऊपर तक पहुंच गया है, जिससे सडक़ की चौड़ाई प्रभावित होने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था भी बाधित हो रही है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो यहां कभी भी गंभीर सडक़ दुर्घटना हो सकती है। ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन में कहा गया है कि ग्राम पंचायत ने अतिक्रमण हटाने को लेकर कई बार प्रयास किए हैं। पंचायत द्वारा प्रस्ताव पारित कर कार्रवाई की पहल किए जाने का भी उल्लेख किया गया है, लेकिन अवैध कब्जाधारियों द्वारा इसका विरोध किए जाने के कारण समस्या जस की तस बनी हुई है।
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि अतिक्रमण हटाने के प्रयास के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट तक की घटनाएं हुई हैं। ग्रामीणों के अनुसार इन घटनाओं की शिकायत पुलिस चौकी में भी की गई है। ऐसे में अब ग्रामीण प्रशासन से शासकीय भूमि की स्थिति स्पष्ट कराने और कथित अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
ज्ञात हो कि कल्याणपुर चौक प्रतापपुर मार्ग पर स्थित होने के कारण यहां से प्रतिदिन आवागमन होता है। ग्रामीणों का कहना है कि सडक़ किनारे अतिक्रमण बढऩे से पहले ही यातायात प्रभावित हो रहा है। यदि 24 सितंबर से प्रस्तावित चक्काजाम शुरू होता है तो प्रतापपुर मार्ग पर आवागमन प्रभावित होने की आशंका है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि चक्काजाम की स्थिति बनने से पहले ही मौके पर पहुंचकर शासकीय भूमि की जांच कराई जाए, अतिक्रमण की स्थिति स्पष्ट कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।