सूरजपुर

एसईसीएल में 27 फीसदी ओबीसी आरक्षण लागू करने की मांग
22-Sep-2026 8:50 PM
एसईसीएल में 27 फीसदी ओबीसी आरक्षण लागू करने की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 22 सितंबर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड एसईसीएल में नई भर्ती एवं विभागीय पदोन्नति में भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार अन्य पिछड़ा वर्ग  के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की मांग की गई है। इस संबंध में एसईसीएल ओबीसी एसोसिएशन की ओर से कंपनी प्रबंधन को पत्र सौंपा गया है।

एसोसिएशन के महासचिव मंगला सिंह यादव ने पत्र में कहा है कि भारत सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग  तथा कोयला मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार सीधी भर्ती एवं विभागीय पदोन्नति में ओबीसी वर्ग के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है।

पत्र में नई भर्ती और विभागीय पदोन्नति की सूचियों में 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण रोस्टर का पालन सुनिश्चित करने, पूर्व की भर्ती एवं पदोन्नति प्रक्रियाओं में ओबीसी कोटे के रिक्त पदों की समीक्षा कर बैकलॉग पदों को शीघ्र भरने तथा पदोन्नति एवं भर्ती से पूर्व आरक्षण रोस्टर पंजिका को अपडेट कर सार्वजनिक करने की मांग की गई है।


अन्य पोस्ट