सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 20 सितंबर। कलेक्टर सूरजपुर रेना जमील एवं जिला शिक्षा अधिकारी अशोक सिन्हा के मार्गदर्शन में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिश्रामपुर के प्रांगण में 16 से 17 सितम्बर तक दो दिवसीय संभाग स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के अंतर्गत 14 वर्ष आयु वर्ग में कबड्डी तथा 17 वर्ष आयु वर्ग में खो-खो एवं वॉलीबॉल की बालक-बालिका प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। संभाग के छह जिलों से पहुंचे खिलाडिय़ों ने खेल प्रतिभा, अनुशासन और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया।
खो-खो के 17 वर्ष बालक वर्ग में बलरामपुर की टीम विजेता तथा जशपुर की टीम उपविजेता रही। बालिका वर्ग में सूरजपुर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि कोरिया की टीम उपविजेता रही।
वही कबड्डी के 14 वर्ष बालक वर्ग में मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले की टीम विजेता तथा बलरामपुर की टीम उपविजेता बनी। बालिका वर्ग में कोरिया ने विजेता और सूरजपुर ने उपविजेता का स्थान प्राप्त किया। वॉलीबॉल के 17 वर्ष बालक वर्ग में सूरजपुर की टीम विजेता तथा सरगुजा की टीम उपविजेता रही। बालिका वर्ग में कोरिया ने विजेता का खिताब हासिल किया, जबकि अंबिकापुर की टीम उपविजेता रही।
दो दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान खिलाडिय़ों ने जीत के लिए पूरी ऊर्जा के साथ खेलते हुए खेल भावना और आपसी सौहार्द का परिचय दिया।
विभिन्न मुकाबलों में खिलाडिय़ों के कौशल, सामंजस्य और संघर्षपूर्ण प्रदर्शन ने उपस्थित दर्शकों का उत्साह बढ़ाया।प्रतियोगिता में गणमान्य नागरिकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए विजेता एवं उपविजेता टीमों को बधाई दी तथा सभी खिलाडिय़ों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
आयोजन में एमेच्योर वॉलीबॉल संघ सूरजपुर के अध्यक्ष अजय गोयल, सचिव रामसिंगार यादव, सहायक जिला क्रीड़ा अधिकारी सहित अन्य जन उपस्थित रहे। साथ ही व्यायाम शिक्षक, छह जिलों से आए प्रशिक्षक, मैनेजर, दल प्रबंधक तथा खिलाड़ी छात्र-छात्राओं ने सहभागिता निभाई।