सूरजपुर
सूरजपुर, 16 सितंबर। आगामी त्योहारों की सुगबुगाहट और तैयारियों के बीच बिश्रामपुर में उत्सव का माहौल बनने लगा है। मंगलवार को एसईसीएल बिश्रामपुर महाप्रबंधक कार्यालय में आयोजित क्षेत्रीय संयुक्त सलाहकार समिति की अहम बैठक में कर्मा पूजा के सार्वजनिक अवकाश से लेकर दुर्गा पूजा महोत्सव के सफल आयोजन को लेकर रणनीति तैयार की गई। बैठक के बाद क्षेत्र के कर्मचारियों और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
बैठक में क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपराओं और लोक आस्था का सम्मान करते हुए समिति ने 23 सितंबर की तिथि को कर्मा पर्व के पीएच के रूप में तय किया है। इस निर्णय से क्षेत्र के श्रमिकों व कर्मचारियों में अपने पारंपरिक पर्व को पूरे रीति-रिवाज के साथ मनाने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। साथ ही इस वर्ष के भव्य दुर्गा पूजा आयोजन के लिए प्रत्येक अधिकारी कर्मचारी हेतु एक हजार रुपए की सहयोग राशि निर्धारित की गई है। हालांकि समिति ने कर्मचारियों की सहूलियत को सर्वोपरि रखते हुए एक विशेष व्यवस्था लागू की है। जिसमें यदि कोई भी कर्मचारी पूजा चंदे की कटौती पर अपनी लिखित आपत्ति दर्ज कराता है, तो उसके वेतन से कोई चंदा नहीं काटा जाएगा। इस कदम से कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा होगी और चंदा संग्रह प्रक्रिया में शत-प्रतिशत पारदर्शिता बनी रहेगी। दुर्गा पूजा ?उत्सव को नए प्रबंधन और ऊर्जा के साथ संचालित करने के उद्देश्य से दुर्गा पूजा समिति के पुनर्गठन की भी घोषणा की गई। सेवानिवृत हुए देवेंद्र सोढ़ी के स्थान पर अब राजेश सिंह को पूजा कमेटी का सचिव नियुक्त किया गया है, वहीं राजीव मिश्रा को सह सचिव का प्रभार सौंपा गया है। नई कार्यकारिणी ने कमान संभालते ही तैयारियों को गति देने का वादा किया है। ?बैठक के समापन पर उपस्थित सभी सदस्यों और श्रमिक प्रतिनिधियों ने एक स्वर में इस वर्ष के दुर्गा पूजा महोत्सव को भव्य तरीके से मनाने का संकल्प लिया।