सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 16 सितंबर। ग्रामीण परिवारों के घरों तक नल के माध्यम से शुद्ध पेयजल पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित जल जीवन मिशन की योजना ग्राम पंचायत तेलईकछार में अपने उद्देश्य से भटकती नजर आ रही है। विकासखंड सूरजपुर अंतर्गत तेलईकछार में करीब 57.28 लाख रुपए की लागत से लगभग तीन वर्ष पूर्व योजना का निर्माण कार्य पूरा कराया गया, लेकिन इतने लंबे समय बाद भी ग्रामीणों के घरों में नल से पानी की एक बूंद तक नहीं पहुंच सकी है। लाखों रुपए खर्च होने के बावजूद योजना का लाभ नहीं मिलने से ग्रामीणों में निराशा के साथ ही व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
बताया गया कि जल जीवन मिशन के तहत गांव में पाइपलाइन बिछाने सहित अन्य आवश्यक कार्य कराए गए थे। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद ग्रामीणों को उम्मीद थी कि अब उन्हें पेयजल के लिए पुराने जलस्रोतों और अन्य साधनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। लेकिन करीब तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी घरों तक नियमित जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी। ग्रामीणों का कहना है कि योजना का उद्देश्य ही घर-घर नल से पानी पहुंचाना था, लेकिन यदि योजना तैयार होने के बाद भी पानी नहीं पहुंच रहा है तो इसका लाभ आखिर किसे मिल रहा है।
योजना के तहत बिछाई गई पाइपलाइन की स्थिति भी अब खराब होने लगी है। ग्रामीणों के अनुसार कई स्थानों पर पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो चुकी है तथा कहीं पाइप टूटने और खराब होने की स्थिति बनी हुई है। पानी की सप्लाई शुरू होने से पहले ही पाइपलाइन के क्षतिग्रस्त होने से योजना के रखरखाव और गुणवत्ता को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई गई तो भविष्य में जलापूर्ति शुरू होने के बाद भी व्यवस्था को सुचारू रखने में परेशानी आ सकती है।
तीन साल से ग्रामीण कर रहे इंतजार
योजना के निर्माण के दौरान ग्रामीणों को उम्मीद थी कि जल जीवन मिशन के जरिए उनके घरों तक आसानी से पेयजल पहुंचने लगेगा। योजना पर लाखों रुपए खर्च होने के बाद भी यह उम्मीद अब तक पूरी नहीं हो सकी है। ग्रामीण आज भी अपनी दैनिक जरूरतों के लिए पुराने जलस्रोतों एवं अन्य वैकल्पिक साधनों पर निर्भर हैं। गर्मी सहित अन्य मौसम में पेयजल की समस्या बढऩे पर उन्हें और अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब करीब तीन वर्ष पहले योजना का निर्माण कार्य पूरा करा दिया गया था तो अब तक जलापूर्ति क्यों शुरू नहीं हुई। यदि योजना में तकनीकी खामी है तो उसे दूर करने के लिए अब तक क्या कदम उठाए गए वहीं यदि जलस्रोत, मोटर, पाइपलाइन या अन्य किसी व्यवस्था के कारण पानी की सप्लाई बाधित है तो उसका स्थायी समाधान क्यों नहीं किया गया ग्रामीण यह भी जानना चाहते हैं कि योजना के निर्माण के बाद उसकी निगरानी और रखरखाव की जिम्मेदारी किसकी है।
जांच और स्थायी समाधान की मांग
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से तेलईकछार में जल जीवन मिशन के तहत कराए गए कार्यों की स्थलीय जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि योजना की पाइपलाइन, जलस्रोत, टंकी, पंप एवं अन्य व्यवस्थाओं की तकनीकी जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाई जानी चाहिए। साथ ही जहां पाइपलाइन क्षतिग्रस्त है, वहां तत्काल मरम्मत कराकर योजना को पूरी क्षमता के साथ शुरू किया जाना चाहिए।
ग्रामीणों का कहना है कि जल जीवन मिशन जैसी महत्वपूर्ण योजना का उद्देश्य ग्रामीणों को घर बैठे स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना है। ऐसे में यदि 57.28 लाख रुपए खर्च होने के करीब तीन साल बाद भी एक भी घर में पानी नहीं पहुंच रहा है, तो मामले की जिम्मेदारी तय करने के साथ ही योजना को शीघ्र चालू कराना जरूरी है। ग्रामीणों ने मांग की है कि संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण करें और पात्र परिवारों के घरों तक नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित कराएं।
योजना के निर्माण पर बड़ी राशि खर्च होने के बावजूद उसके वास्तविक लाभ से ग्रामीणों के वंचित रहने का मामला सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, निगरानी और रखरखाव की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है। अब देखना होगा कि विभाग इस मामले में कब तक कार्रवाई कर ग्रामीणों को जल जीवन मिशन का वास्तविक लाभ दिलाता है।