सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 15 सितंबर। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री एवं भटगांव विधायक लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयासों से भटगांव विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को लगातार गति मिल रही है।
इसी क्रम में एसईसीएल के सीएसआर मद से क्षेत्र के विभिन्न गांवों में 33.64 लाख रुपए की लागत से जनसुविधा और अधोसंरचना से जुड़े विकास कार्यों को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। स्वीकृत कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बढऩे के साथ ही सार्वजनिक एवं शैक्षणिक अधोसंरचना मजबूत होगी। क्षेत्र में आवागमन करने वाले ग्रामीणों एवं यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए चार स्थानों पर आधुनिक यात्री प्रतीक्षालयों का निर्माण किया जाएगा। ग्राम पंचायत लटोरी बस स्टैंड में 4.91 लाख रुपए, ग्राम पंचायत करवां के पडक़ीपारा चौक में 4.85 लाख रुपए, ग्राम पंचायत बतरा के नवापारा चौक में 4.68 लाख रुपए तथा ग्राम पंचायत खोपा के मुख्य चौक में 4.68 लाख रुपए की लागत से यात्री प्रतीक्षालय बनाए जाएंगे। इन सुविधाओं से यात्रियों को धूप, बारिश सहित विभिन्न मौसमों में राहत मिलेगी।
इसी तरह ग्राम पंचायत धरमपुर के सरनापारा में बंधन घर से चंदेल घर तक 4.66 लाख रुपए की लागत से सीसी रोड का निर्माण किया जाएगा। वहीं ग्राम पंचायत बुंदिया के सरनापारा में इंदर कुजूर के घर के पास 4.89 लाख रुपए की लागत से आरसीसी स्लैब पुलिया का निर्माण होगा। सडक़ और पुलिया निर्माण से ग्रामीणों के आवागमन को सुगमता मिलेगी तथा स्थानीय स्तर पर परिवहन सुविधा बेहतर होगी।
ग्राम पंचायत राजकिशोरनगर स्थित प्राथमिक शाला परिसर में विद्यार्थियों की सुरक्षा और विद्यालय के बेहतर वातावरण के लिए 4.97 लाख रुपए की लागत से बाउंड्रीवॉल का निर्माण किया जाएगा। इससे विद्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के साथ विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण तैयार करने में मदद मिलेगी। मंत्री राजवाड़े ने कहा कि भटगांव विधानसभा के गांवों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार और क्षेत्र का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है। ग्रामीणों की आवश्यकता के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सडक़, पुलिया, यात्री सुविधाओं और शैक्षणिक अधोसंरचना जैसे कार्य सीधे तौर पर आमजन के जीवन को सुविधाजनक बनाते हैं। क्षेत्र के विकास के लिए इसी तरह निरंतर प्रयास किए जाते रहेंगे।