सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 8 सितंबर। जनसंघ के दौर से जुड़े भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं उद्योगपति चरण सिंह अग्रवाल का मंगलवार को राजकीय सम्मान के साथ कुरुआ ग्राम स्थित मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया गया। मुखाग्नि छोटे पुत्र अजय अग्रवाल अज्जू ने दी।
ज्ञात हो कि भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं उद्योगपति शिवनंदनपुर बिश्रामपुर निवासी चरण सिंह अग्रवाल का सोमवार को 85 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे पिछले दो माह से अस्वस्थ्य चल रहे थे।
रेलवे स्टेशन बिश्रामपुर स्थित आवास में आज उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान उनके पार्थिव देह पर एडिशनल एसपी योगेश देवांगन, एसडीएम सूरजपुर शिवानी जायसवाल, तहसीलदार लटोरी चंद्रशिला जायसवाल, सीएमओ नगर पंचायत सुनील सिन्हा, विधायक प्रेमनगर भूलन सिंह मरावी, भाजपा जिला अध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी, भीमसेन अग्रवाल, अनिल सिंह मेजर ,बाबूलाल अग्रवाल,अजय गोयल,बनारसी जायसवाल, मंत्री प्रतिनिधि ठाकुर राजवाड़े ने भाजपा का ध्वज, पुष्प अर्पित कर सम्मान दिया।
उनकी अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी कार्यकर्ता स्थानीय जन उपस्थित थे।
ज्ञात हो कि आपातकाल के दौरान स्व चरण सिंह अठारह माह तक जेल में रहे थे। उन्हें राज्य शासन द्वारा मीसा बंदी के तहत उक्त राजकीय सम्मान प्रदान किया गया।