सूरजपुर
दुव्र्यवहार और प्रताडऩा से आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 8 सितंबर। भटगांव थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय नाबालिग बालिका की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने एक 67 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी श्रवण कुमार पर नाबालिग को कथित तौर पर जबरन अपने घर में रखकर काम कराने, दुर्व्यवहार व प्रताडऩा के जरिए आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक 1 सितंबर को नाबालिग ने श्रवण कुमार के घर के कमरे में दुपट्टे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली थी। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। घटनास्थल की वीडियोग्राफी कर मोबाइल सहित अन्य साक्ष्य सुरक्षित किए गए हैं। नाबालिग होने के कारण कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा कार्यवाही उपरांत शव का पोस्टमार्टम कराया गया। परिजनों के दुबारा पीएम की मांग पर आईजी सरगुजा के निर्देश पर मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर की टीम से दोबारा पोस्टमार्टम भी कराया गया।
मर्ग जांच में पुलिस ने परिजनों और गवाहों के बयान, घटनास्थल निरीक्षण, जब्ती तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पाया कि बालिका कई बार अपने घर जाने के लिए श्रवण कुमार से कहती थी, लेकिन उसे घर नहीं भेजा गया। पुलिस का दावा है कि कथित दुर्व्यवहार और प्रताडऩा से परेशान होकर बालिका ने आत्महत्या की।
जांच में अपराध पाए जाने पर भटगांव थाने में अपराध दर्ज कर बीएनएस की धारा 107, जेजे एक्ट की धारा 75, बाल एवं किशोर श्रम अधिनियम की धारा 14 तथा एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(ट) के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 7 सितंबर को ग्राम कोरन्धा सरनापारा शांतिनगर निवासी श्रवण कुमार जायसवाल पिता स्व रामखेलावन जायसवाल को 67 वर्ष को गिरफ्तार कर न्यायालय पेश किया गया।