सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिश्रामपुर, 6 सितंबर। पार्वती इंस्टीट्यूट ऑफ ट्रेनिंग रिसर्च एंड मैनेजमेंट बीएड एवं नर्सिंग कॉलेज मदनपुर में 5 सितंबर को शिक्षक दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन एवं मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुई। इस दौरान संस्था के शिक्षकों का सम्मान किया गया।
संस्था के संस्थापक अशोकनाथ तिवारी ने शिक्षक को ज्ञान का दीप बताते हुए कहा कि शिक्षक स्वयं जलकर विद्यार्थियों और समाज को ज्ञान का प्रकाश प्रदान करता है। उन्होंने शिक्षक दिवस मनाने के उद्देश्य और शिक्षक की महत्ता पर प्रकाश डाला। संस्था के अध्यक्ष सह चेयरमैन प्रमेंद्र तिवारी ने सभी शिक्षकों को उपहार भेंट कर सम्मानित किया तथा समय और अनुशासन के महत्व को बताया।
बीएड प्राचार्य डॉ. छबी रानी मंडल ने गुरु-शिष्य परंपरा की महत्ता बताते हुए कहा कि विद्यार्थी और मानव समाज के निर्माण में गुरु का स्थान सर्वोपरि है। नर्सिंग प्राचार्य एस.एम. जागृति लकड़ा ने शिक्षक को भविष्य का निर्माता बताते हुए उनके योगदान को महत्वपूर्ण बताया।
समारोह में प्रशिक्षार्थियों ने भाषण, नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में बीएड एवं नर्सिंग के सहायक प्राध्यापक, प्रशिक्षार्थी तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक उपस्थित रहे।