सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 6 सितंबर कलेक्टर रेना जमील के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी शुभम बंसल के मार्गदर्शन में जिला पंचायत के सभाकक्ष में फास्टर केयर प्रोग्राम को लेकर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में दिल्ली से फास्टर केयर प्रोग्राम की प्रेसिडेंट डॉ. वसुंधरा ने भाग लेकर कार्यक्रम के उद्देश्यों एवं प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।
डॉ. वसुंधरा ने बताया कि फास्टर केयर प्रोग्राम किशोर न्याय अधिनियम के तहत संचालित किया जाता है। इसका उद्देश्य ऐसे बच्चों को पारिवारिक वातावरण उपलब्ध कराना है, जो संरक्षण एवं देखरेख की आवश्यकता में हैं अथवा किसी बाल देखरेख संस्था में निवास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिले में ऐसे बच्चों का चिन्हांकन किया जाना है, जो माता-पिता से अलग रह रहे हैं या जिनके माता-पिता नहीं हैं। साथ ही ऐसे इच्छुक एवं सक्षम परिवारों की भी पहचान की जाएगी, जो इन बच्चों की देखरेख और पालन-पोषण की जिम्मेदारी लेने के लिए तैयार हैं।
उन्होंने कहा कि प्रयास होना चाहिए कि जिले में कोई भी बच्चा पारिवारिक वातावरण से वंचित न रहे। संस्था में रहने वाले अथवा समाज में ऐसे बच्चे जिनकी उचित देखरेख करने वाला कोई नहीं है, उन्हें इच्छुक परिवारों के संरक्षण में उपलब्ध कराकर सुरक्षित एवं पारिवारिक माहौल देना कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है।
कार्यशाला में जिला बाल संरक्षण अधिकारी मनोज जायसवाल ने बाल विवाह मुक्त सूरजपुर अभियान की जानकारी दी। इसके साथ ही लैंगिक अपराधों से बच्चों का संरक्षण, बालकों के संरक्षण संबंधी अधिनियम, गुड टच-बैड टच तथा बच्चों को लैंगिक अपराधों से बचाने के उपायों पर चर्चा की गई। जिले में संचालित स्पॉन्सरशिप कार्यक्रम के संबंध में भी प्रतिभागियों को विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यशाला में समस्त परियोजना अधिकारी, जिला बाल संरक्षण इकाई के अधिकारी-कर्मचारी, सखी वन स्टॉप सेंटर, महिला सशक्तिकरण हब एवं चाइल्डलाइन के कर्मचारी उपस्थित रहे।