सूरजपुर
सूरजपुर,4 सितंबर। जल संरक्षण के क्षेत्र में सूरजपुर जिले ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जल संचय जन भागीदारी अभियान के तीसरे चरण में सूरजपुर को देश के शीर्ष 10 जिलों में शामिल करते हुए देश में चौथा और छत्तीसगढ़ में प्रथम स्थान मिला है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में नई दिल्ली के सुषमा स्वराज भवन में आयोजित जल शक्ति मंत्रालय के विभागीय शिखर सम्मेलन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ में जल संरक्षण के लिए किए जा रहे नवाचारों और जनभागीदारी आधारित प्रयासों की जानकारी राष्ट्रीय मंच पर साझा की।
5,429 संरचनाओं से 94.89 लाख घन मीटर जल भराव क्षमता
जिले में अब तक 5,429 जल संरक्षण संरचनाओं का निर्माण किया गया है, जिससे 94.89 लाख घन मीटर जल भराव क्षमता का सृजन हुआ है। इन प्रयासों से 5,608.26 हेक्टेयर सिंचित रकबे में वृद्धि हुई है। फॉर्म पोंड, तालाब गहरीकरण, अमृत सरोवर, रिचार्ज पिट, कंटूर ट्रेंच और गेबियन चेक डैम जैसी संरचनाओं के माध्यम से बारिश के पानी को रोकने और भू-जल पुनर्भरण को बढ़ावा दिया जा रहा है।
अभियान में किसानों, ग्राम पंचायतों, जनप्रतिनिधियों, जल सखियों, जल मित्रों और ग्रामीण समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है। किसान अपनी भूमि उपलब्ध कराने के साथ जल संरक्षण कार्यों में भागीदार बन रहे हैं, जबकि विभिन्न विभागों और योजनाओं के समन्वय से संरचनाओं का निर्माण किया जा रहा है।
जियो-टैगिंग और मॉनिटरिंग से बढ़ी प्रभावशीलता
जल संरक्षण संरचनाओं की जियो-टैगिंग, नियमित मॉनिटरिंग और प्रगति की समीक्षा को अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया है। खेतों में वर्षा जल रोकने से भू-जल पुनर्भरण के साथ सिंचाई के लिए पानी की उपलब्धता बढऩे और खेती की वर्षा पर निर्भरता कम होने की उम्मीद है।
कलेक्टर रेना जमील ने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। जिले का राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष 10 में शामिल होना जनभागीदारी और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने बारिश की हर बूंद को सहेजने के लिए जनभागीदारी को और मजबूत करने पर जोर दिया।
जिला पंचायत सीईओ विजेन्द्र सिंह पाटले ने बताया कि ग्राम पंचायत स्तर पर वर्षा जल संचयन और भू-जल पुनर्भरण के कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों, किसानों, जल सखियों, जल मित्रों और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी से अभियान को निरंतर गति मिल रही है।
जहां जल गिरे, वहीं सहेजें' के संदेश को धरातल पर उतारते हुए जिला प्रशासन का लक्ष्य बारिश के अधिकतम पानी को गांव और खेत की सीमा के भीतर रोकना है, ताकि आने वाले समय में सिंचाई पेयजल और ग्रामीण आजीविका के लिए जल सुरक्षा और मजबूत हो सके।