सूरजपुर
सूरजपुर, 4 सितंबर। शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितंबर को रायपुर स्थित राजभवन में आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में सूरजपुर जिले के दो शिक्षकों को राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। उत्कृष्ट शैक्षणिक कार्य एवं नवाचार के लिए विकासखंड रामानुजनगर के शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के व्याख्याता गोपाल सिंह तथा शासकीय माध्यमिक शाला पतरापाली के शिक्षक योगेश कुमार साहू का चयन किया गया है।
शिक्षक योगेश कुमार साहू ने गतिविधि आधारित शिक्षा, किचन गार्डन, पर्यावरण संरक्षण तथा शाला त्यागी बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोडऩे की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया है। वहीं व्याख्याता गोपाल सिंह ने विज्ञान शिक्षा में नवाचार, विज्ञान क्लब, प्रयोग एवं मॉडल निर्माण जैसी गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित किया। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
कलेक्टर रेना जमील ने दोनों चयनित शिक्षकों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिले के शिक्षकों द्वारा नवाचार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्य विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। दोनों शिक्षकों का राज्य स्तरीय सम्मान के लिए चयन सूरजपुर जिले के लिए गौरव की बात है।