सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 3 सितंबर। एसईसीएल की आवासीय कॉलोनी में अज्ञात चोरों ने एक लिपिक के सूने क्वार्टर का ताला तोडक़र 50 हजार रुपए नगद सहित करीब लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार एसईसीएल क्षेत्रीय महाप्रबंधक कार्यालय में लिपिक के पद पर कार्यरत संतोष साहू क्वार्टर नंबर 1 बी 59 मंगत राम चौक में स्थित हैं। परिवार के साथ अंबिकापुर जाने के दौरान क्वार्टर सूना था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोडक़र घर में प्रवेश किया और कमरों को खंगालने के बाद आलमारी का लॉकर तोड़ दिया।
चोर आलमारी में रखे 50 हजार रुपए नगद, चांदी की चैन, दो चांदी के सिक्के तथा बच्चों के पहनने वाले चांदी के दो कड़े लेकर फरार हो गए।
गुरुवार को संतोष साहू जब क्वार्टर पहुंचा तो दरवाजे का ताला टूटा देखकर उसे अनहोनी की आशंका हुई। अंदर जांच करने पर आलमारी का लॉकर टूटा मिला और नगदी व जेवरात गायब थे। उन्होंने तत्काल बिश्रामपुर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। आसपास के क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी लेने के साथ ही संभावित आरोपियों की तलाश की जा रही है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चोरी गए नगदी व सामान की कुल कीमत लाख रुपए बताई जा रही है।