सूरजपुर

15 रेल कर्मियों का रोका वेतन जारी करने के निर्देश
02-Sep-2026 9:06 PM
15 रेल कर्मियों का रोका वेतन जारी करने के निर्देश

मजदूर कांग्रेस ने डीआरएम से की थी शिकायत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 2 सितंबर। तबादला आदेश जारी होने के बावजूद कार्यमुक्त नहीं किए गए 15 रेल कर्मचारियों का वेतन रोके जाने के मामले में रेलवे मजदूर कांग्रेस ने आपत्ति दर्ज कराते हुए वेतन जारी करने की मांग की। संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने 1 सितंबर को डीआरएम बिलासपुर राकेश रंजन से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

मजदूर कांग्रेस के मंडल समन्वयक विजय अग्निहोत्री एवं केंद्रीय कोषाध्यक्ष साईं किरण ने बताया कि संबंधित कर्मचारियों ने पूरे माह नियमित रूप से अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया और उनकी उपस्थिति भी संबंधित विभागों के हाजिरी रजिस्टर में दर्ज है। इसके बावजूद तबादला आदेश के कारण उन्हें मौजूदा शाखाओं से कार्यमुक्त नहीं किए जाने पर वेतन रोक दिया गया था।

संगठन ने कहा कि कार्यमुक्त नहीं किया जाना प्रशासनिक कारणों से था, जिसमें कर्मचारियों की कोई गलती नहीं थी। ऐसे में उनका अर्जित वेतन रोकना अनुचित है और इससे कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।

रेलवे मजदूर कांग्रेस बिलासपुर के मीडिया प्रभारी एवं जोनल कार्यकारी अध्यक्ष लक्ष्मण राव ने बताया कि डीआरएम राकेश रंजन ने प्रतिनिधिमंडल से चर्चा के बाद तत्काल संबंधित अधिकारियों को 15 कर्मचारियों का रोका गया वेतन जारी करने के निर्देश दिए। आदेश के बाद प्रभावित रेल कर्मचारियों ने खुशी जाहिर करते हुए संगठन के प्रति आभार व्यक्त किया।


अन्य पोस्ट