सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 31 अगस्त। छोटे शहर से निकलकर अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाली सूरजपुर की होनहार धाविका सोनिका राजवाड़े को एथलेटिक्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शहीद कौशल यादव सम्मान 2025-26 से सम्मानित किया गया है।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा खेल दिवस के अवसर पर प्रदान किए गए इस सम्मान के तहत सोनिका को डेढ़ लाख रुपये की नगद राशि एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। खास बात यह है कि सूरजपुर जिले में यह सम्मान पाने वाली सोनिका पहली खिलाड़ी हैं।
नगर पंचायत प्रेमनगर निवासी सोनिका, पिता भूपेंद्र राजवाड़े, ने 3000 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने करीब ढाई वर्षों तक जिला एथलेटिक्स संघ सूरजपुर में नियमित प्रशिक्षण लेकर दौड़ की तकनीक, फिटनेस और सहनशक्ति पर कड़ी मेहनत की। संघ के अध्यक्ष एवं कोच नरेश कुमार कुशवाहा तथा अश्लेश राजवाड़े के मार्गदर्शन में सोनिका ने सुबह-शाम अभ्यास कर विभिन्न प्रतियोगिताओं में लगातार बेहतर प्रदर्शन किया।
वर्तमान में सोनिका भोपाल के साई सेंटर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। उनका लक्ष्य राष्ट्रीय स्तर पर और बड़ी उपलब्धियां हासिल करना है। उनकी सफलता सीमित संसाधनों के बावजूद खेल के क्षेत्र में आगे बढऩे वाले युवाओं के लिए प्रेरणा बनी है। सोनिका को मिले प्रतिष्ठित सम्मान पर जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष शशि सिंह एवं कांग्रेस पदाधिकारियों ने सोनिका को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके माता-पिता, परिजनों और कोच को भी बधाई दी गई।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष शशि सिंह ने कहा कि सोनिका ने अपनी मेहनत और उपलब्धियों से परिवार के साथ पूरे सूरजपुर जिले का नाम रोशन किया है। उन्हें मिला सम्मान जिले की अन्य खेल प्रतिभाओं को भी आगे बढऩे के लिए प्रेरित करेगा।
खेल जगत में खुशी
सोनिका को शहीद कौशल यादव सम्मान मिलने से जिले के खेल जगत और खेलप्रेमियों में खुशी का माहौल है। जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष एवं कोच नरेश कुशवाहा ने सोनिका को बधाई देते हुए कहा कि मैदान में की गई मेहनत ही खिलाड़ी की असली पहचान बनाती है। उन्होंने युवाओं से अपनी प्रतिभा को पहचानकर पूरे समर्पण के साथ खेल के क्षेत्र में आगे बढऩे का आह्वान किया। खेलप्रेमियों ने सोनिका के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करने की उम्मीद जताई है।