सूरजपुर

सोलर पैनल केबल चोरी करते 2 बंदी
30-Aug-2026 10:36 PM
सोलर पैनल केबल चोरी करते 2 बंदी

 पूछताछ में कई चोरियों का खुलासा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 30 अगस्त।
सोलर पैनल के केबल तार चोरी करने के प्रयास के मामले में बसदेई पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने सोलर केबल, कांसा-पीतल के बर्तन और दो मोटरसाइकिल चोरी करने की वारदातों का खुलासा किया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दो मोटरसाइकिल, मिनी कटर और लोहे का रॉड जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम सुंदरपुर निवासी छक्केलाल सिंह ने 28 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रेड नदी किनारे खेत में लगे सोलर पैनल के केबल को दो युवक काटने का प्रयास कर रहे थे। इनमें से एक आरोपी नजीर अंसारी को मौके पर पकड़ लिया गया, जबकि उसका साथी अंकित तिवारी वहां मौजूद था। मामले में बसदेई चौकी में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने नजीर अंसारी 28 वर्ष, निवासी जूर दमकोडिय़ापारा और अंकित तिवारी 28 वर्ष, निवासी रगदा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने सुंदरपुर, खोपा और करंजी क्षेत्र से सोलर पैनल के केबल तार चोरी करने की बात स्वीकार की।

इसके अलावा मलगा पुलिया के पास एक घर से कांसा-पीतल के बर्तन तथा सूरजपुर साप्ताहिक बाजार से दो होंडा साइन मोटरसाइकिल चोरी करने का भी खुलासा हुआ।
पुलिस के मुताबिक चोरी की एक मोटरसाइकिल अंकित के घर से और दूसरी नजीर के कब्जे से बरामद की गई। संगठित रूप से अपराध किए जाने की पुष्टि होने पर प्रकरण में बीएनएस की धारा 111 एवं 3(5) भी जोड़ी गई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर हुई कार्रवाई में बसदेई चौकी प्रभारी योगेंद्र जायसवाल एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी चोरी सहित विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज हैं।


अन्य पोस्ट