सूरजपुर

नशामुक्ति अभियान: एसपी से मिला ‘नवा बिहान’ का प्रतिनिधिमंडल
29-Aug-2026 6:18 PM
नशामुक्ति अभियान: एसपी से मिला ‘नवा बिहान’ का प्रतिनिधिमंडल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 29 अगस्त। नशामुक्ति जागरूकता और सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने के उद्देश्य से ‘नवा बिहान नशामुक्ति जागरूकता अभियान एवं परामर्श केंद्र सरगुजा’ के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश पटेल से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान नशे के दुष्प्रभावों से लोगों को जागरूक करने और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए संचालित गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

प्रतिनिधिमंडल में अभियान की संरक्षिका एवं वरिष्ठ समाजसेविका वंदना दत्ता, मुख्य संचालिका सेवा किटी समूह एवं वसुधा महिला मंच सरगुजा, काउंसलर एवं वरिष्ठ समाजसेवी अजय तिवारी, कर्मयोग राज्य समन्वयक आर्ट ऑफ लिविंग छत्तीसगढ़, समन्वयक अनिल कुमार मिश्रा, मुख्य कार्यकारी छत्तीसगढ़ प्रचार एवं विकास संस्थान अंबिकापुर तथा संयोजक मंगल पांडेय शामिल रहे।

इस दौरान अनिल कुमार मिश्रा ने ‘नवा बिहान’ द्वारा सरगुजा क्षेत्र में संचालित नशामुक्ति जागरूकता, परामर्श एवं सामाजिक गतिविधियों की जानकारी पुलिस अधीक्षक को दी। उन्होंने सूरजपुर जिले में कम्युनिटी पुलिसिंग के माध्यम से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे प्रयासों में अभियान की ओर से सकारात्मक सहयोग देने की प्रतिबद्धता जताई।

पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल ने अभियान से जुड़े सदस्यों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने नशे के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने में सामाजिक संगठनों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।


अन्य पोस्ट