सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 28 अगस्त। रक्षाबंधन के अवसर पर कार्मेल कान्वेंट इंग्लिश मीडियम स्कूल बिश्रामपुर की ओर से ‘एक राखी सैनिक भाइयों के नाम’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय के स्काउट एवं गाइड ने त्रिपुरा राइफल्स बिश्रामपुर कैंप पहुंचकर जवानों की कलाई पर राखी बांधी और मिठाई खिलाकर उनके प्रति सम्मान व कृतज्ञता व्यक्त की।
विद्यार्थियों ने जवानों के माथे पर तिलक लगाकर उनके स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। भारत स्काउट-गाइड के जिला आयुक्त रितेश गुप्ता ने कहा कि सैनिक देश की रक्षा के लिए अपने परिवार से दूर रहकर कर्तव्य निभाते हैं। ऐसे में रक्षाबंधन पर उनके साथ भाई-बहन के रिश्ते की आत्मीयता साझा करना गौरव का विषय है।
कार्यक्रम प्राचार्या सिस्टर कैरल के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस दौरान स्काउटर आनंद चौधरी, संजय, गाइडर रश्मि चौधरी सहित जिला सचिव गोवर्धन, गाइड सचिव अनामिका भगत तथा स्काउट-गाइड के पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे। जवानों ने बच्चों के इस आत्मीय प्रयास की सराहना की। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने देशप्रेम, सेवा, त्याग, भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश दिया।