सूरजपुर

जेबीसीसीआई-12 के गठन में देरी पर श्रमिक संगठनों का प्रदर्शन
27-Aug-2026 9:56 PM
जेबीसीसीआई-12 के गठन में देरी पर श्रमिक संगठनों का प्रदर्शन

 कोल इंडिया चेयरमैन के नाम सौंपा ज्ञापन, तत्काल वार्ता समिति गठित करने की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिश्रामपुर,27 अगस्त। कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) एवं उसकी अनुषंगी कंपनियों में कार्यरत गैर-कार्यकारी कर्मचारियों के वेतन पुनरीक्षण को लेकर संयुक्त ट्रेड यूनियनों ने मोर्चा खोल दिया है। एटक, एचएमएस, सीटू एवं इंटक के संयुक्त तत्वावधान में एसईसीएल विश्रामपुर क्षेत्र में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद कोल इंडिया चेयरमैन के नाम महाप्रबंधक के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर 12वें वेतन समझौते के लिए वार्ता समिति का तत्काल गठन करने की मांग की गई।

सभा को संबोधित करते हुए एटक के क्षेत्रीय सचिव पंकज कुमार गर्ग, एचएमएस के क्षेत्रीय अध्यक्ष रामाशीष पाल, सीटू के क्षेत्रीय सचिव सुरेश पटेल और इंटक के क्षेत्रीय सचिव अजीत यादव ने कहा कि 11वें राष्ट्रीय कोयला वेतन समझौते (एनसीडब्ल्यूए-11) की अवधि 30 जून 2026 को समाप्त हो चुकी है और 1 जुलाई 2026 से 12वें वेतन समझौते की अवधि शुरू हो गई है। इसके बावजूद अब तक संयुक्त द्विपक्षीय कोयला उद्योग समिति (जेबीसीसीआई-12) की वार्ता समिति का गठन नहीं किया गया है।

वक्ताओं ने कहा कि वार्ता समिति के गठन में देरी से कोल इंडिया में कार्यरत करीब 2.25 लाख कर्मचारी प्रभावित हो रहे हैं। इससे कर्मचारियों में निराशा और आक्रोश बढ़ रहा है। संयुक्त मोर्चा ने एनसीडब्ल्यूए-11 में तय किए गए लंबित मुद्दों का भी तत्काल क्रियान्वयन करने की मांग की।

इस दौरान हीरा लाल, सजल मित्रा, आर.के. द्विवेदी, कामदेव सिंह, जया कुमारी, अरविंद सिंह, अप्पा राव और शिवाकांत मिश्रा सहित अन्य श्रमिक नेताओं ने भी संबोधित किया।

वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार और कोल इंडिया प्रबंधन ने शीघ्र सकारात्मक पहल नहीं की तो श्रमिक संगठन आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होंगे। कार्यक्रम का संचालन राजेंद्र नागपुरे ने किया।

प्रदर्शन के पश्चात संयुक्त मोर्चा के प्रतिनिधियों ने कार्मिक विभाग के अधिकारी एस.के.पी. शिंदे एवं सुरक्षा प्रभारी रात्रे के माध्यम से कोल इंडिया चेयरमैन के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जेबीसीसीआई-12 के गठन में हो रही देरी पर तत्काल कार्रवाई करने और लंबित मांगों के निराकरण की मांग की गई।


अन्य पोस्ट