सूरजपुर

मेन सब स्टेशन में केबल चोरी की कोशिश
26-Aug-2026 8:37 PM
मेन सब स्टेशन में केबल चोरी की कोशिश

सूरजपुर, 26 अगस्त। एसईसीएल बिश्रामपुर के मेन सब स्टेशन में मंगलवार की रात चोरों ने केबल काट ले जाने का असफल प्रयास किया, हालांकि मौके पर उपस्थित कर्मचारियों की सजगता से चोर केबल नहीं ले जा पाए।बताया गया कि रीजनल स्टोर के पीछे एसईसीएल बिश्रामपुर का मेन सबस्टेशन है। यहां दर्जन भर से अधिक चोरों ने मध्यरात्रि में धावा बोल पहले पथराव किया। पथराव से सब स्टेशन ने ड्यूटी कर रहे कर्मी सकते में आ गए। उन्होंने अपने बचाव में सब स्टेशन रुम में खुद को बंद कर लिया और सुरक्षा अमले को घटना की सूचना दी।

ड्यूटी में उपस्थित इलेक्ट्रिशियन संजय सिंह एवं सब स्टेशन अटेंडेंट धर्मपाल के द्वारा केबल चोरों के द्वारा सब स्टेशन में अटैक की जानकारी देने पर बताया गया कि पेट्रोलिंग वाहन नहीं है।

इस दौरान चोरों ने केबल काट लिया। हो हल्ला और पकड़े जाने के भय से केबल ले जा नहीं सके।

बताया गया कि केबल काटने से सबस्टेशन का स्विच बंद हो गया है।

ज्ञात हो कि बिश्रामपुर क्षेत्र में केबल कबाड़ चोरों की सक्रियता बनी हुई है।समय समय पर मौका देखकर बदमाश केबल और कबाड़ पार कर रहे हैं।अधिकांश मामलों में प्रबंधन के अधिकारी कर्मचारी पुलिसिया पूछताछ और कोर्ट कचहरी के चक्कर लगाने से बचने चोरी मामले की रिपोर्ट थाने में दर्ज नहीं कराते हैं जिससे बदमाशों के हौसले बुलंद हैं।


अन्य पोस्ट