सूरजपुर

पीएम राहत योजना पर कार्यशाला
25-Aug-2026 8:23 PM
पीएम राहत योजना पर कार्यशाला

 गोल्डन आवर में त्वरित उपचार पर जोर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 25 अगस्त। जिला पंचायत सभाकक्ष में मंगलवार को प्रधानमंत्री राहत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और सडक़ दुर्घटना पीडि़तों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक दिवसीय कार्यशाला सह प्रशिक्षण आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के बेहतर समन्वय पर जोर दिया गया।

एसपी पटेल ने कहा कि दुर्घटना के बाद शुरुआती समय यानी गोल्डन आवर बेहद महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान त्वरित उपचार मिलने से घायल व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि दुर्घटना के समय वीडियो बनाने के बजाय घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाने में सहयोग करें।

उन्होंने बताया कि योजना के तहत सडक़ दुर्घटना में घायल पीडि़तों को गोल्डन आवर में बिना विलंब अस्पताल में भर्ती कर अधिकतम सात दिनों तक प्रति व्यक्ति 1.50 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।

कार्यशाला में एनआईसी के डीआईओ रोहन सिंह ने योजना की रूपरेखा बताई, जबकि डीआरएम जयप्रकाश मेश्राम ने योजना के क्रियान्वयन और ई-डार पोर्टल की प्रक्रिया की जानकारी दी। प्रशिक्षणार्थियों को पोर्टल पर हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण भी दिया गया।

कार्यक्रम में एसडीओपी अभिषेक पैकरा, थाना प्रभारी, विवेचक, सीसीटीएनएस ऑपरेटर सहित परिवहन, हाईवे और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट