सूरजपुर

मैदानी दौरे पर रहीं कलेक्टर, उद्योग-अस्पतल, दफ्तरों का किया निरीक्षण
25-Aug-2026 8:21 PM
मैदानी दौरे पर रहीं कलेक्टर, उद्योग-अस्पतल, दफ्तरों का किया निरीक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 25 अगस्त। कलेक्टर सूरजपुर रेना जमील ने मंगलवार को जिले का सघन दौरा कर औद्योगिक इकाइयों, शासकीय कार्यालयों, स्वास्थ्य केंद्र, पंचायतों और एकलव्य विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और लंबित मामलों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

दौरे की शुरुआत नयनपुर औद्योगिक क्षेत्र से हुई, जहां कलेक्टर ने 10 मेगावाट पावर प्लांट, सरिया निर्माण यूनिट और ब्रेड निर्माण इकाई का निरीक्षण किया। उन्होंने उत्पादन प्रक्रिया, मशीनरी, कच्चे माल, आपूर्ति व्यवस्था और स्थानीय रोजगार की जानकारी ली। ब्रेड निर्माण इकाई में स्वच्छता के मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

इसके बाद भैयाथान तहसील एवं अनुविभागीय कार्यालय पहुंचकर उन्होंने लंबित प्रकरणों और फाइलों की समीक्षा की। प्रकरणों के धीमे निराकरण पर नाराजगी जताते हुए समय-सीमा में कार्रवाई के निर्देश दिए। खाद्य एवं दाण्डिक शाखा, नकल शाखा और अभिलेखागार का निरीक्षण कर आमजनों से भी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। तहसील न्यायालय में आरबीसी 6-4 के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए पात्र हितग्राहियों को शीघ्र लाभ दिलाने तथा आधार पंजीयन में निर्धारित शुल्क का पालन सुनिश्चित करने कहा।

जनपद कार्यालय में प्रधानमंत्री आवास योजना, बिहान, विकसित भारत जी रामजी योजना सहित विभिन्न कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने लंबित आवास शीघ्र पूर्ण कराने, हितग्राहियों को समय पर किश्त जारी करने और कार्यालय परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। उचित मूल्य दुकान में स्टॉक का मिलान कर राशन वितरण में पारदर्शिता बरतने पर जोर दिया।

भैयाथान स्वास्थ्य केंद्र में कलेक्टर ने मरीजों से सुविधाओं की जानकारी ली तथा बच्चों के पोषण और उपचार की स्थिति जानी।

शिशुवती माताओं से चर्चा कर शिशु देखभाल के संबंध में आवश्यक सुझाव दिए और स्वास्थ्यकर्मियों को माताओं को उचित मार्गदर्शन देने के निर्देश दिए।

ग्राम पंचायत तरका में जल संचय कार्यों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर ठोस कार्ययोजना बनाने और नवाचार अपनाने की बात कही। दौरे के अंतिम चरण में एकलव्य मॉडल रेसीडेंसियल स्कूल ओडग़ी का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों से खेल एवं योग गतिविधियों की जानकारी ली। एकलव्य आवासीय बालिका छात्रावास और रसोई का निरीक्षण कर साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान जिला पंचायत सीईओ  विजेन्द्र सिंह पाटले, एसडीएम चांदनी कंवर, जिला कार्यक्रम अधिकारी  शुभम बंसल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट