सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर,24 अगस्त। साइबर अपराधियों को बैंक खाते उपलब्ध कराने के मामले में सूरजपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महेश कुमार चक्रधारी ग्राम गंगोटी, चौकी बसदेई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले में उसका चचेरा भाई देवनारायण चक्रधारी फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने संयुक्त बैंक खाता खोलकर साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराया था। भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र के पोर्टल से विभिन्न बैंकों में संचालित संदिग्ध एवं फर्जी खातों की जानकारी मिलने के बाद सूरजपुर पुलिस ने जांच शुरू की। इसी दौरान सूरजपुर स्थित एसबीआई की शाखा में डीएन चक्रधारी एजुकेशन डेवलपमेंट एसोसिएशन के नाम से संचालित संयुक्त बैंक खाते का पता चला।
जांच में सामने आया कि 1 जनवरी 2024 से 23 जुलाई 2025 के बीच देश के 21 राज्यों के 150 खाताधारकों द्वारा की गई साइबर ठगी की शिकायतों से जुड़े करीब 113 करोड़ 32 लाख रुपये उक्त खाते में पहुंचे थे। इसके बाद रकम को अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार महेश कुमार चक्रधारी और उसका चचेरा भाई देवनारायण मिलकर संयुक्त बैंक खाता संचालित कर रहे थे। आरोप है कि दोनों ने सुनियोजित तरीके से अवैध धन अर्जित करने के उद्देश्य से साइबर अपराधियों को बैंक खाता उपलब्ध कराया। खाते के केवाईसी दस्तावेज और बैंकिंग लेनदेन से संबंधित जानकारी की जांच की जा रही है।
पुलिस ने बैंक खाते में हुए लेनदेन के आधार पर महेश कुमार चक्रधारी को गिरफ्तार किया है। वहीं फरार आरोपी देवनारायण चक्रधारी की तलाश जारी है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, साइबर अपराधियों से संपर्क और रकम को आगे भेजने वाले खातों की भी जांच कर रही है।