सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
प्रतापपुर, 24 अगस्त। सावन माह के अंतिम सोमवार को प्रतापपुर नगर पूरी तरह शिवभक्ति में डूबा नजर आया। हजारों की संख्या में कांवरिया और श्रद्धालु बाबा जलेश्वर नाथ शिवपुरी धाम में जलाभिषेक के लिए रवाना हुए। सुबह से ही नगर के प्रमुख मार्गों पर कांवरियों और श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा नगर भक्तिमय हो गया।
इस दौरान प्रतापपुर के राजघराना चौक में कांवरियों का भव्य स्वागत किया गया। क्रेन के माध्यम से कांवरियों पर पुष्पवर्षा की गई और श्रद्धालुओं को फल वितरित कर उनका उत्साह बढ़ाया गया। प्रतापपुर में पहली बार क्रेन के माध्यम से कांवरियों पर पुष्पवर्षा किए जाने से श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
क्रेन से फूलों की बारिश होते ही राजघराना चौक हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंज उठा। वहीं बाबा जलेश्वर नाथ शिवपुरी धाम में भी अंतिम सोमवार पर भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। सुबह से ही कांवरियों के जत्थे लगातार शिवपुरी धाम की ओर रवाना होते रहे।
प्रतापपुर नगर में चारों ओर दिखाई दे रहे कांवरियों के जत्थे और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो नगर में बाबा धाम जैसा नजारा बन गया हो। पूरे नगर में धार्मिक उत्साह और उमंग देखने को मिली।
पुष्पवर्षा एवं कांवरिया स्वागत के दौरान मंडल अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल, व्यापारी संघ अध्यक्ष राजेश गुप्ता, नगर पंचायत अध्यक्ष मानती योगेंद्र सिंह, सांसद प्रतिनिधि आनंद शुक्ला, पार्षद सीता पैकरा, सीमा सिंह, सौरभ मानिकपुरी, विक्रम नामदेव, बुधराम, धर्मेंद्र श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।