सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 21 अगस्त। अपराधों की विवेचना को अधिक प्रभावी, तकनीक-सक्षम और साक्ष्य आधारित बनाने की दिशा में सूरजपुर पुलिस ने महत्वपूर्ण पहल की है। पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने जिले के 60 विवेचकों को हाईटेक स्मार्ट मोबाइल फोन वितरित किए।
पुलिस मुख्यालय, छत्तीसगढ़ रायपुर के निर्देशानुसार किए गए मोबाइल वितरण का उद्देश्य विवेचना में आधुनिक तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देना है। स्मार्ट मोबाइल के माध्यम से विवेचक घटनास्थल का डिजिटल दस्तावेजीकरण, फोटो-वीडियो, लोकेशन सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का सुरक्षित संकलन कर सकेंगे।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने कहा कि जनता को समय पर न्याय दिलाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रत्येक विवेचना गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष, समयबद्ध और कानून सम्मत हो, इसी उद्देश्य से विवेचकों को हाईटेक मोबाइल उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने नवीन आपराधिक कानूनों के प्रावधानों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि वर्तमान डिजिटल दौर में इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल साक्ष्यों का महत्व लगातार बढ़ रहा है।
सभी विवेचक ई-साक्ष्य ऐप का शत-प्रतिशत उपयोग करते हुए घटनास्थल का डिजिटल दस्तावेजीकरण तथा फोटो, वीडियो, लोकेशन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का सुरक्षित एवं व्यवस्थित संकलन करें।
पुलिस अधीक्षक ने विवेचकों को डिजिटल ऐप्स और निर्धारित प्रोटोकॉल का प्रभावी एवं जिम्मेदार तरीके से उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तकनीक के बेहतर इस्तेमाल से विवेचना अधिक पारदर्शी और प्रभावी होगी तथा न्यायालयीन प्रक्रिया को भी मजबूती मिलेगी।
पुलिस विभाग के अनुसार जिले में नवीन आपराधिक कानूनों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण विवेचना के साथ महिला एवं बाल सुरक्षा, सुदृढ़ बीट व्यवस्था और यातायात सुधार पर भी विशेष फोकस किया जा रहा है।