सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 19 अगस्त। सरगुजा जिले के कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र के बिसरपानी गांव में कथित प्रेम संबंध को लेकर हुए विवाद में दो लोगों की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि पत्नी को गांव के एक युवक के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखने के बाद पति ने गुस्से में दोनों पर फावड़े से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से महिला और युवक की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार बिसरपानी के दारापारा निवासी बाबूलाल मझवार मंगलवार शाम खेत की ओर गया था। इसी दौरान उसकी पत्नी नईहारो मझवार गांव के सोमारू मझवार के घर पहुंची। कुछ देर बाद गांव का ही बेंजे बड़ा भी वहां पहुंच गया। बताया जा रहा है कि दोनों एक कमरे में शराब पी रहे थे।
रात करीब 8 बजे बाबूलाल पत्नी को खोजते हुए सोमारू के घर पहुंचा। वहां पत्नी और बेंजे को आपत्तिजनक हालत में देखने के बाद विवाद शुरू हो गया। विवाद बढऩे पर बाबूलाल ने कथित तौर पर फावड़ा उठाकर दोनों पर हमला कर दिया। हमले में दोनों को सिर में गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद कमलेश्वरपुर पुलिस मौके पर पहुंची। बुधवार सुबह पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। अंबिकापुर से पहुंची फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को घटना के दौरान संबंधित लोगों के शराब के नशे में होने की जानकारी मिली है। हालांकि पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। आरोपी पति घटना के बाद से फरार है और उसकी तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस कथित संबंध और हत्या के पीछे की परिस्थितियों को भी जांच के दायरे में लेकर आगे की कार्रवाई कर रही है।