सूरजपुर
सूरजपुर, 19 अगस्त। छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ ने वन विभाग में ठेका पद्धति लागू करने की कथित तैयारी और फ्रंट लाइन स्टाफ की प्रस्तावित पदस्थापना-स्थानांतरण नीति का विरोध किया है। संघ के प्रदेश अध्यक्ष अजीत दुबे ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि इन नीतियों से मैदानी कर्मचारियों, स्थानीय ग्रामीणों और वन संरक्षण व्यवस्था पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
संघ का कहना है कि वन विभाग के वृक्षारोपण, नर्सरी प्रबंधन, वन सुरक्षा, जल संरक्षण सहित कई कार्यों में स्थानीय ग्रामीणों और वन कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। ठेका व्यवस्था लागू होने पर बाहरी ठेकेदार मशीनों अथवा बाहरी श्रमिकों का उपयोग कर सकते हैं, जिससे स्थानीय लोगों के रोजगार के अवसर प्रभावित होने की आशंका है।संघ ने फ्रंट लाइन स्टाफ की नई स्थानांतरण नीति पर भी नाराजगी जताई है। प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रस्तावित नीति कर्मचारियों के हितों की अनदेखी करती है और पूर्व में विभाग द्वारा व्यक्त आपत्तियों की भी अनदेखी की जा रही है।
वन कर्मचारी संघ ने चेतावनी दी है कि ठेका पद्धति वापस नहीं ली गई और फ्रंट लाइन स्टाफ के हितों को ध्यान में रखकर स्थानांतरण नीति में सुधार नहीं किया गया तो संगठन प्रदेश में कार्य बहिष्कार करने के लिए बाध्य होगा। संघ ने कहा कि वह वन, ग्रामीण और कर्मचारी हितों की रक्षा के लिए अपना विरोध जारी रखेगा।